सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 19 Mar 2010, 19:43:32

देसूरी। इस बार गोडवाड़ महोत्सव 2 से 5 अप्रेल तक धूमधाम से मनाया जाएगा। शुक्रवार को सोनाणा खेतलाजी ट्रस्ट कमेटी के सभाभवन में उपखण्ड अघिकारी मोहनसिंह राजपुरोहित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संभावित कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यक्रम के अनुसार दो अप्रेल को सुबह 8.30 बजे गोडवाड़ महोत्सव वाहन रैली रणकपुर से रवाना होकर 9.30 पर घाणेराव के वन विभाग की ठण्डी बेरी पहुंचेगी। यहां गरासिया समाज के लोग पारम्परिक वेशभूष्ाा में वनवासी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। रैली में शामिल लोग 10 बजे ठण्डी बेरी से कुम्भलगढ़ के लिए रवाना होंगे। 11.30 बजे वहां किले का अवलोकन करेंगे।
12 बजे कुम्भलगढ़ से रवाना होकर वापस ठण्डी बेरी, घाणेराव से देसूरी होते हुए दो बजे सारंगवास स्थित सोनाणा खेतलाजी पहुंचेंगे। शाम 5.30 से 7.00 बजे तक रणकपुर स्थित नरवाणियां बांध में नौका विहार का कार्यक्रम होगा। 3 अप्रेल को शाम पांच बजे नरवाणियां बांध में पानी में तैरता हुआ मंच बनाकर समारोह का शुभारम्भ होगा। इसमें बांध के पानी में दीपक जला कर गंगा आरती की तरह दीपक तैराए जाएंगे। इस दौरान नगाड़ा, निशान, बरगु व मशालों का प्रदर्शन होगा।
रात में सूर्य मंदिर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। चार अप्रेल को सुबह 7 से 9 बजे तक रणकपुर के तीर्थüकर पथ पर हॉर्स राइडिंग होगी। ट्रस्ट द्वारा सुबह 9.30 बजे सारंगवास स्थित सोनाणा खेतलाजी में महाआरती, 10 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सारंगवास के मुख्य मंदिर से रवाना होकर सोनाणा, शोभावास, आना की पहाड़ी के चक्कर लगा कर पुन: सारंगवास स्थित मुख्य मंदिर पर विसर्जित होगी। शाम चार बजे से 6.30 बजे तक घुड़दौड़, लम्बी दौड़, घुड़सवारी, कौशल रानी झांसी वाली रेस होगी। शाम सात बजे से रात नौ बजे तक लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया जाएगा। रात नौ बजे सोनाणा खेतलाजी ट्रस्ट कमेटी की ओर से भक्ति संध्या होगी।
पांच अप्रेल को सुबह छह बजे से आठ बजे तक नारलाई की पहाड़ी पर रॉक क्लाइबिंग का कार्यक्रम होगा। दस बजे बोलीदाता द्वारा ध्वजा चढ़ाई जाएगी। इसके पश्चात सामूहिक गेर का आयोजन होगा। दो बजे से साफाबंधन, गोडवाड़ श्री, रस्साकशी, घुड़दौड़, सजा हुआ ऊंट, बैल दौड़, अश्व नृत्य, मटकी फोड़ इत्यादि प्रतियोगिताएं होंगी।
बैठक में अन्य कई मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। ट्रस्ट संरक्षक शांतीलाल लादाजी भण्डारी, अध्यक्ष गणपतसिंह बालराई, पर्यटन विभाग से मानसिंह, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियन्ता किस्तूरचंद, आना सरपंच श्रीमती फूलीदेवी चौधरी, आरआई मोहनलाल माली आदि कई अघिकारी उपस्थित थे।