सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 06 Mar 2010, 18:38:38

मारवाड जंक्शन। कस्बे के रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम मधुमक्खियों के हमले में चार यात्री गंभीर घायल हो गए। कई यात्रियों के शरीर पर सूजन आई। इस घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्लेटफार्म संख्या दो व तीन के निकट स्थित पानी के टैंक पर मधुमक्खियों का छत्ता बना था। शाम साढे पांच बजे मधुमक्खियों ने यात्रियों पर धावा बोल दिया। अचानक हुए इस हमले के कारण ट्रेन को स्टेशन से आगे ले जाना पडा। हमले से लूनी निवासी रेलवे गैंग का जमादार हनुमान जाट (50), कस्बे के उदयदास (55), सोनू (28) व लामी (28) गंभीर घायल हो गए। रेलवे चिकित्सालय बंद होने से उन्हें कस्बे के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल कुछ यात्री रतलाम-जोधपुर टे्रन में बैठकर गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
इनका कहना है
घटना की सूचना मिलने पर चिकित्सालय से स्टाफ को भेज दिया था, लेकिन उस वक्त और कोई घायल नहीं मिला। घायलों की स्थिति अब ठीक है। जल्द ही उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।
सुभाष मीणा, चिकित्सक, मारवाड जंक्शन