सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 05 Mar 2010, 09:57:39

सिंघाना (धार)। छोटे से छोटे व्यक्ति की बात को भी हमें गंभीरता से सुनना चाहिए। कभी-कभी इसमें भी अच्छी बात छिपी रहती है। यह बात यहाँ क्षत्रिय सिर्वी समाज के धर्मगुरु दीवान साहब माधवसिंह ने पत्रकारों से विशेष चर्चा में कही। उन्होंने धर्मसभा में कहा कि फिजूलखर्च बंद कर समाज में व्याप्त कुप्रथाओं को भी समाप्त करना चाहिए। उन्होंने शराब, सिगरेट आदि व्यसन त्यागने का भी संकल्प दिलाया।
इसके पूर्व धर्मगुरु व समाज की कुलदेवी श्री आईमाताजी के करीब ५०० वर्ष पुराने बैल (धर्मरथ) के नगर आगमन पर आत्मीय स्वागत किया गया। गुरुवार दोपहर गायत्री शक्तिपीठ परिसर से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें आगे धर्मरथ व पीछष जीप में सवार धर्मगुरु विराजित थे। ग्राम में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे। शोभायात्रा में समाज के युवक-युवतियाँ नाचते-गाते चल रहे थे। स्थान-स्थान पर नगरवासियों ने धर्मगुरु का पुष्पहारों से स्वागत कर आशीर्वाद लिया। दिनभर ग्राम में उत्सवी माहौल रहा। संपूर्ण शोभायात्रा मार्ग फूलों से पट गया था। शाम ५ बजे यात्रा श्री आईमाताजी मंदिर पहुँची। पश्चात अंबिका धर्मशाला में भंडारा हुआ। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में जती भगा बाबाजी भी मौजूद थे।
धर्मगुरु भाजपा नगर अध्यक्ष भगवान मुकाती के निवास भी गए। वहाँ मुकाती परिवार ने उनका स्वागत कर आशीर्वाद लिया। यहाँ उन्होंने पत्रकारों से विशेष चर्चा में अपने मंत्रित्वकाल के संस्मरण भी सुनाए। ज्ञात हो कि धर्मगुरु राजस्थान सरकार में दो बार मंत्री और २५ वर्ष तक विधायक रह चुके हैं।