सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 27 Feb 2010, 08:30:35

छलक उठा उत्साह
कलशयात्रा में डीजे की धुन पर खूब नाचे युवा ङ"ख३३ऋ
कुक्षी/बड़दा। ग्राम बड़दा में श्री आई माताजी मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ विशाल कलशयात्रा के साथ शनिवार को हुआ। बैंडबाजे, ढोल ताशे व डीजे पर भजनों की धुन पर युवा नृत्य कर रहे थे वहीं युवतियाँ गरबा करते हुए चल रही थीं। एक आकर्षक रथ पर आई माताजी की नवीन मूर्ति को विराजितकर गाँव में भ्रमण करवाया गया। आईजी माता के जयकारे से नगर में धर्ममय वातावरण बन गया। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।
कलशयात्रा में एक अन्य रथ पर बाबा सीतारामदासजी महाराज, बद्रीदासजी महाराज एवं यज्ञाचार्य श्रीकृष्ण मेनन शर्मा बड़दा विराजमान थे। कलशयात्रा में बड़ी संख्या में समाजजनों के साथ आसपास के गाँवों के नागरिक शामिल हुए। प्राचीन बावड़ी एवं हनुमान मंदिर से कलश यात्रा में सामूहिक गंगा पूजन का कार्यक्रम भी रखा गया। विद्वान पंडितों ने विधान से पूजन-अर्चन किया। सबसे आगे डीजे साउंड पर युवाओं की टीम नृत्य करती चल रही थी। युवतियाँ एक जैसी वेशभूषा में गरबा नृत्य कर रही थी। एकजैसे परिधान में सैकड़ों महिलाएँ सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं।
नर्तक दल आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में चार बैंड, छः ढोल-ताशे व डीजे पर मधुर भजन बज रहे थे। महिलाएँ रंगीन परिधान व पुरुष सफेद परिधान व साफे व मारवाड़ी पगड़ी धारण किए हुए थे। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर सड़कों को फू लों से पाट दिया। आई माताजी की जयकार से क्षेत्र गुंजायमान हो गया। समापन हथाई चौक में हुआ। पंडित नरेन्द्रजी व कमलेशजी सहित २१ ब्राह्मणों द्वारा देवताओं की स्थापना के साथ गणेश पूजन व शतचंडी पाठ प्रारंभ हुआ।
कलश यात्रा में आदिवासी वित्त निगम की अध्यक्ष रेलम चौहान भी शामिल हुई। कार्यक्रम में प्रतिदिन भोजन प्रसादी की व्यवस्था रखी गई है। आयोजन समिति ने संपूर्ण नगरवासियों से यही भोजन प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। २६ फ रवरी का भोजन बर्फा परिवार द्वारा एवं २७ को परिहार परिवार बड़दा की ओर से भोजन व्यवस्था की गई है।
भजन संध्या आज
रविवार को ध्यान योगी महर्षि उत्तम स्वामीजी सुबह ११.३० बजे मंगल आगमन होगा। स्वागत यात्रा के पश्चात स्वामीजी के प्रवचन होंगे। रात में ८ बजे हरि सत्संग समिति खट्टाली व मुंबई के कलाकारों द्वारा भजन संध्या में सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। १ मार्च को दिवान माधवसिंहजी के आगमन पर भव्य शोभायात्रा तथा २ मार्च को मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। सिर्वी समाज समिति एवं सिर्वी सकल पंच ने सभी धर्मप्रेमी जनता को लाभ लेने की अपील की है।
गाँव में उत्साह का माहौल
महोत्सव के मीडिया प्रभारी संतोष बर्फा ने बताया कि पूरे गाँव को भगवा रंग से रंगा गया है। इस आयोजन को महोत्सव का रूप दिया जा रहा है। प्रत्येक घरों के सामने सुबह रंगोली बनाई जा रही है। और रात्रि में दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाया जा रहा है।