सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 10 Feb 2010, 18:52:58

करीब २५ हजार लोगों की भागीदारी, गेर मंडलों की प्रभावी प्रस्तुति
नृत्य करते राजस्थान का दल।शोभायात्रा में समान वेशभूषा में नृत्य करती हुई चली महिलाएँशोभायात्रा में सुसज्जित रथ पर धर्मगुरु दीवान साहब माधवसिंहजी राठौर विराजित थे। दूसरे रथ पर जती श्री भगा बाबाजी व नारलाई धाम के पुजारी भॅंवरजी महाराज मौजूद थे। शोभायात्रा में विठोड़ा के दीवान साहब भँवरसिंहजी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
शोभायात्रा में सुसज्जित रथ पर धर्मगुरु दीवान साहब माधवसिंहजी राठौर विराजित थे। दूसरे रथ पर जती श्री भगा बाबाजी व नारलाई धाम के पुजारी भॅंवरजी महाराज मौजूद थे। शोभायात्रा में विठोड़ा के दीवान साहब भँवरसिंहजी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कुक्षी में आई माताजी मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव
अद्भुत व अद्वितीय शोभायात्रा
करीब २५ हजार लोगों की भागीदारी, गेर मंडलों की प्रभावी प्रस्तुति कुक्षी। आई माताजी मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत बुधवार को नगर में ऐतिहासिक शोभायात्रा निकली। इसमें लगभग २५ हजार आईपंथी सिर्वी बंधुओं ने भाग लेकर आयोजन को भव्यता प्रदान की। २ किलोमीटर लंबी यात्रा में समाज के पुरुष, महिलाएँ, बालिकाएँ, युवा, पदाधिकारी अलग-अलग वेशभूषा में विशिष्टता प्रदान कर रहे थे।
शोभायात्रा में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र धर्मरथ (बैल) रहा। इसकी ५०० से भी अधिक वर्षों की ऐतिहासिक पुरातन कलाकृति की अद्भुत थी। किंवदंती है कि इसके दर्शन मात्र से आई माताजी की प्रत्यक्ष उपस्थिति स्वरूप आशीर्वाद प्राप्त हो जाता है।
थिरकने को विवश हुए
भव्य व ऐतिहासिक शोभायात्रा में मॉं आईजी के भक्तिगीतों पर आईजी माता सूरत, बिलाड़ा, लोहारा, रामपुर आदि के विशिष्ट साजो-सामान व वेशभूषा से सजे गेर मंडलों ने सुनने वाले को पैर थिरकाने पर विवश कर दिया।
धरती पर परीलोक
परियों-सी वेशभूषा में श्वेत वस्त्र धारण कर नन्ही बालिकाओं ने जैसे परीलोक को धरती पर उतार दिया। वहीं चणिया चोली पहनी सैकड़ों किशोरियों व युवतियों ने गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति से गुजराती लोकनृत्य को निमाड़ की धरती पर ला उतारा। महिला मंडलों की करीब १५०० महिलाओं ने समान वेशभूषा वाली साड़ियों में एक अलग ही छाप छोड़ी। २० से अधिक ड्रेस कोड में सिर्वी समाज के महिला-पुरुषों ने वेशभूषा पहन रखी थी।
दिग्गजों की उपस्थिति
नगर का चप्पा-चप्पा धर्ममय होकर श्रद्घा व आस्था की एक नई कहानी लिख रहा था। वहीं प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्र, कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह, उमाशंकर गुप्ता, अरविंद मेनन सहित कई बड़े दिग्गजों ने धर्मरथ के दर्शन किए। आंध्रप्रदेश से समाज के सुनील चौयल भी उपस्थित थे।
मनमोहक झाँकी
शोभायात्रा में भगवान शंकर, हनुमानजी, आई माता के दरबार में दर्शनार्थ दीवान साहब की झाँकी ने सबको आकर्षित किया। शोभायात्रा में दो हाथी, दो ऊँट, तीन अश्व, सोलह ढोल, पाँच बैंड, दो डीजे, ताशा, आतिशबाजी, गेर, गरबा नृत्य आदि के साथ हजारों लोग शामिल थे। यात्रा आई धाम से ११ बजे प्रारंभ होकर साँई मंदिर, विजय स्तम्भ चौराहा, सिनेमा चौपाटी, पढावा, अम्बे माता चौक, दाताहरि चौक, जवाहर चौक, आडा बाजार, मंगलवारिया, सोनी मोहल्ला, माताजी मंदिर से होकर आई धाम पर अपराह्न ४ बजे पहुँची। मार्ग में नगर के सभी धर्मों व समाज के लोगों ने मंच से न केवल कर पुष्प वर्षा की, बल्कि शीतलपेय केले, टॉफी, जलपान आदि से स्वागत-सम्मान भी किया गया।
आभार-धन्यवाद
विभिन्ना सामाज व संगठनों द्वारा शोभायात्रा के स्वागत किए जाने पर सिर्वी समाज के सकल पंच अध्यक्ष नारायण राठौर व आईजी सेवा समिति के अध्यक्ष कैलाश काग एवं महिला व पुरुषों तथा युवा संगठनों, समूहों ने आभार-धन्यवाद किया ।
आज पूर्णाहुति
१० फ रवरी को गेहलोत परिवार की ओर से नगर क्षेत्र के समस्त श्रद्घालु भक्तों के लिए विशाल नगर चौरासी भंडारा होगा। इससे पूर्व प्राण-प्रतिष्ठा, महाआरती, उत्तर पूजन का आयोजन होकर पूर्णाहुति होगी।