सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 04 Feb 2010, 22:51:04

पाली। बर-पाली-पिण्डवाड़ा का सफर तीन साल बाद सुहावना व सुरक्षित हो जाएगा। इस 244.120 किलोमीटर लम्बे मार्ग पर 2388 करोड़ रूपए खर्च होने के बाद बर से पिण्डवाड़ा तक कहीं भी कोई अवरोधक नहीं रहेगा। पाली व सेन्दड़ा में रेल की पटरियां सड़क को काटेगी। इन दोनों स्थानों पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस कारण पटरियों से रेलगाड़ी गुजरने पर भी वाहन पूरी गति से आगे बढ़ सकेंगे।मार्ग में 35 स्थानों पर मुख्य क्रॉसिंग होंगे।
गांवों से नहीं गुजरेगा
ग्रामीणों को सुकून देने के लिए फोरलेन मार्ग में 11 बाइपास बनाए जाएंगे। इनकी लम्बाई 54 किलोमीटर होगी। मार्ग में 40 किलोमीटर लम्बी सर्विस रोड और 16 किलोमीटर की स्लिप रोड भी बनेगी।
पशुओं की परेशानी नहीं
फोरलेन से पशुओं से वाहन चालकों को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए मार्ग में 26 स्थानों पर अण्डर पास बनाया जाना प्रस्तावित है।
बनेंगे चौदह बड़े पुल
सड़क मार्ग पर नदियों आदि पर चौदह बड़े पुलों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही नालों आदि पर 60 पुल बनाए जाएंगे। सड़क पर 6 फ्लाई ओवर का निर्माण कराया जाएगा।
सिरोही में बनेगी टर्नल
टर्नल देखने के लिए पाली, जालोर व सिरोही जिले के लोगों को अब उदयपुर तक का सफर रेलगाड़ी से तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फोरलेन मार्ग में सिरोही जिले में 330 मीटर लम्बी एक टर्नल बनेगी।
इन्होंने कहा
इस प्रोजेक्ट के तहत रियायतग्राही (कन्सेसटनर) का चयन 31 मार्च तक होने की उम्मीद है। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू करवा दिया जाएगा। निर्माण शुरू होने के दिन से ढाई वर्ष में बनना प्रस्तावित है।
- आर.एन. चौधरी, परियोजना निदेशक, नेशनल हाइवे ऑथोरिटी