सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 18 Jan 2010, 23:18:47

बिलाड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री व आई पंथ के धर्मगुरु दीवान माधवसिंह के 69 वे जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर रानी देवेंद्र कुमारी पब्लिक स्कूल में बाल सांस्कृतिक कार्यक्रम व भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्म गुरु माधवसिंह थे। सांस्कृतिक समारोह का मंच संचालन सत्यदेव सिंह चारण व अमृता माहेश्वरी ने किया। इसमें बच्चों ने अनेक ग्रुप डांस प्रस्तुत किए। कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता रचनाकार व साहित्यकार राजेश विद्रोही ने की। चालकदान राजस्थानी ने राजस्थानी भाषा की महिमा का गुणगान किया। नागौर से आए सोहनदान चारण ने देश में फैले भ्रष्टाचार और देश की शासन व्यवस्थाओं के बारे में अवगत करवाते हुए जोशीली कविता का प्रस्तुतिकरण किया। रचनाकार दुर्गाराम पाली ने 'बच्चों पर खेलो-कूदो खूब जगत में पढऩो चाही जै ... गीत की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया। श्रवणदान शून्य ने पत्नी पीडि़त पति की व्यथा का सुंदर बखान किया। कवि सुरेश हरियाला ने आज हमारे समाज में ऐसा क्यों होता है और राष्ट्र की बिगड़ी संस्कृति पर प्रस्तुति दी। वीर रस के ओजस्वी कवि प्रहलाद जोरड़ा ने मारवाड़ के वीरों की वीरता का बखान गीत के जरिए किया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे रचनाकार व साहित्यकार व वीर रस के राष्ट्रीय कवि राजेश विद्रोही ने मुल्क की ताकत पर शानदार प्रस्तुति देकर वर्तमान में बदहाल भारत की स्थिति का वर्णन किया। कवि सम्मेलन का संचालन कमलेश निहालिया फलौदी ने किया।
साभार - दैनिक भास्कर