सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 14 Dec 2010, 10:52:01

जोधपुर। जोधपुर सहित संभाग के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री की बढ़त के बावजूद जमाव बिन्दु से नीचे बना हुआ है। यहां पारा -1.2 डिसे दर्ज किया गया। वादियां सोमवार को सुबह दस बजे तक कोहरे की चादर में लिपटी रही। लोग अलसुबह नींद से जागे तो मकानों की छतों, पेड़ की टहनियों व घास पर बर्फ जमी देखी।
नलों में भी बर्फ जमी हो गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद सैलानियों ने नक्की झील में बोटिंग का लुत्फ उठाया। जोधपुर में भी सर्द हवाओं का दौर जारी रहने से ठंडक से निजात नहीं मिली। यहां अलसुबह मामूली कोहरा रहा लेकिन बाद में मौसम साफ हो गया। बहरहाल सूरज निकलने के बावजूद धूप असर नहीं दिखा सकी। जैसलमेर, बाड़मेर, फलौदी व ओसियां में भी ठंड का प्रकोप जारी रहा। जोधपुर में न्यूनतम तापमान 6.6, जैसलमेर में 8.8 व बाड़मेर में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।
साभार- दैनिक भास्कर