सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 27 Nov 2010, 10:40:36
जोधपुर। उत्तर से आ रही बर्फानी हवाओं से लोगों के हाड़ कंपकंपाने लगे हैं। मौसम के बदले मिजाज से पूरे मारवाड़ में गुरुवार को भी बादल छाए रहे और कोहरे के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। कड़ाके की ठंड पड़ने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि आज अधिकतम तापमान 23.3 एवं न्यूनतम 17.2 दर्ज किया गया। साथ ही हवा में आर्द्रता अधिकतम 94.0 तथा न्यूनतम 83 दर्ज की गई। इसके बावजूद पूरे दिन ठंड से लोग बेहाल दिखाई दिए।
मारवाड़ में पड़ रही बर्फानी सर्दी से दिन में गलन सी महसूस हो रही है। सर्दी और मावठ का असर रेल सेवा पर भी पड़ने लगा है। जयपुर से जोधपुर आने वाली कई गाड़ियां अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंची। ठंड के मौसम का सबसे अधिक असर पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में दिखाई दे रहा है। कोहरा और ठंड के कारण कई जगहों पर रेल की पटरियां दरकने एवं टेÑक फ्रक्चर होने का घटनाएं भी सामने आने लगी है। कड़ाके की ठंड के कारण लोगों को दिन में भी अलाव जलाकर ठंड से बचने के उपाय करने पड़ रहे हैं। साथ ही वायरल बुखार ने भी लोगों को चपेट में लेना शुरू कर दिया है। अस्पतालों में वायरल बुखार के मरीजों की भीड़ दिखाई दे रही है। गुरुवार को दिन भर बादल और कोहरे की वजह से रेल सेवाओं के अलावा रोडवेज एवं निजी बसों के आवागमन पर भी असर पड़ा। कोहरे के कारण सुबह-सुबह ग्रामीण क्षेत्रों से जोधपुर आने वाली कई बसें देरी से पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार ठंड बढने के साथ ही आगामी कई दिनों तक कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।
साभार- दैनिक नवज्योति