सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 25 Nov 2010, 10:51:56

बिलाड़ा,जोधपुर जिले के बिलाड़ा में पूर्व मावठ की बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक मूसलाधार बारिश हुई जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गली-मोहल्लों में बारिश का पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। दिनभर सूर्य के दर्शन नहीं हुए। सर्द हवा से बचने के लिए लोग घरों में दुबके रहे। क्षेत्र में सुबह पांच एमएम बारिश तहसील मुख्यालय पर दर्ज की गई। 24 घंटों के दौरान यहां 17 मिमी बारिश रिकार्ड हुई। दिनभर चली बूंदाबांदी से बाजार में विरानी छाई रही।
पीपाड़, शहर शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। अचानक आए मौसम तंत्र में बदलाव के चलते आमजन को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। कड़ाके की ठंड के चलते घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। बेमौसम की बारिश के चलते अचानक ठंड बढ़ गई। सर्द हवा चलने के साथ ही क्षेत्र में ऊनी वस्त्रों की बिक्री में बढ़ोतरी हो गई है। आम रास्तों पर कीचड़ फैलने से आमजन के साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से खेतों में पड़ा चारा व फसलें खराब हो रही है।
ओसियां, दोपहर तीन बजे तक बादल छाए रहे। सुबह हुई बूंदाबादी से लोग ठिठुर गए। सर्द हवा से बचने के लिए लोग ऊनी वस्त्र पहने नजर आए। सर्दी बढऩे के साथ ही कस्बे में ऊनी वस्त्रों की खरीदारी को भीड़ उमडऩे लगी है।
बाप, मौसम में हो रहे बदलाव के चलते बुधवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। शीतलहर के चलते दिनभर लोग घरों में ही दुबके रहे। लोगों को दिन में भी सर्दी से राहत नहीं मिली। ठंड से बचने के लिए ग्रामीण सुबह अलाव तापते नजर आए।
धुंधाड़ा, सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठिठुरन बढऩे लगी है। आसमान में बादल छाए रहने से सूर्य देव बादलों की ओट में रहे। ठंड से बचने के लिए लोगों ने ऊनी कपड़े पहनने शुरू कर दिए है। बारिश से सड़कों पर जगह-जगह कीचड़ फैल गया जिसे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
तिंवरी, दिनभर घने बादल छाए रहे। अलसुबह बूंदाबांदी होने से हाड़ कंपा देने वाली ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। सर्दी बढऩे से बाजार में भी चहल-पहल कम रही। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलावा तापना शुरू कर दिया है। ठंड बढऩे के साथ ही क्षेत्र में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लगातार बादल छाए रहने से फसलों की बढ़वार रुक गई है।
पिचियाक, लगातार तीसरे दिन बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह आसमान में कोहरा छाया रहने से सर्दी में बढ़ोतरी हुई। आसमान में बादल छाए रहने से सूर्यदेव के दर्शन तक नहीं हुए। लगातार हो रही बारिश से खेतों में पड़ा चारा सडऩे लगा है।
साभार- दैनिक भास्कर