सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 22 Nov 2010, 11:05:34
जोधपुर/बिलाड़ा। जिले के बिलाड़ा क्षेत्र में खारिया मार्ग पर एक महिला ने अधेड़ महिला को नशीली चाय पिलाकर सोने के सवा चार तोला आभूषण लूट लिए।
पुलिस के अनुसार निम्बाज (पाली) निवासी केकीदेवी (55) पत्नी भंवरलाल दो दिन पूर्व बिलाड़ा में आलोक विद्यालय के पास रहने वाली अपनी भतीजी शान्तिदेवी पत्नी भोमाराम पटेल के यहां आई। आज सुबह शान्तिदेवी अपनी भुआ को निम्बाज जाने के लिए बस स्टैण्ड छोड़कर आई। कुछ देर बाद उसे भुआ केकीदेवी के खारिया मार्ग स्थित एक फैक्ट्री के पास बेहोशी की हालत में मिलने का पता चला। इस पर वह परिजनों के साथ तुरन्त घटनास्थल पहुंची तथा भुआ को बिलाड़ा के रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया। कुछ घंटों बाद होश आने के बाद पता चला कि उनकी कपड़े की थैली में रखा तीन तोला सोने का तिमणिया व सवा तोला सोने की कंठी गायब थी।
चाय पीने के बाद हुई बेहोश
पुलिस का कहना है कि निम्बाज जाने के लिए जब केकीदेवी बस स्टैण्ड पर बैठी थी, तभी वहां एक अन्य महिला वहां आई तथा उससे बातें करने लगी। इसी बीच उस महिला ने होटल से दो कप चाय मंगवाई। बातों के दौरान दोनों ने चाय पी। कुछ देर बाद केकीदेवी पर बेहोशी छाने लगी और वह अचेत हो गई। बाद में संभवत: अज्ञात महिला ने उसके जेवर लूट लिए। शान्तिदेवी की रिपोर्ट पर पुलिस ने जहरखुरानी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
साभार- राजस्थान पत्रिका