सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Mangal Senacha : Posted on :2010-11-21 11:13:26
जोधपुर। मारवाड में सर्दी अब रंग दिखाने लगी है। सम्भाग में अधिकांश स्थानों पर शनिवार को न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आई। सिरोही स्थित प्रदेश क एक मात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस ही रह गया। सम्भाग मुख्यालय जोधपुर में भी पिछले दो दिनों में पारा लगभग सात डिग्र्री गिर गया। अचानक बढी ठण्ड के कारण लोग जल्दी घर पहुंच कर रजाइयों में दुबकने लगे हैं। इधर सुबह सुबह छाए रहने वाले कोहरे का असर रेल यातायात पर पडने लगा है। इस वजह से लम्बी दूरी की मरूधर एक्सप्रेस व गुवाहाटी एक्सप्रेस गाडियां निर्धारित समय से छह से आठ घंटे देरी से पहुंची।
पश्चिम विक्षोभ से हुई बारिश का असर घटने के साथ ही मारवाड में सर्दी का असर बढने लगा है। अब तक दिन में गर्मी का अहसास हो रहा था, लेकिन शनिवार को ठण्डी हवा के कारण धूप सुहानी लगी। कई लोग दोपहर में भी आधी बांह का स्वेटर पहने हुए नजर आए। सूर्यास्त के बाद सर्दी का असर बढ गया और लोगों ने जल्दी घर में घुसने में ही भलाई समझी। बीती रात अचानक बढी सर्दी से सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान में गिरावट का क्रम बना रहा। यहां रात का पारा 12.6 डि.से. रेकार्ड किया गया। अलसुबह ठिठुरन महसूस हुई। अधिकतम तापमान हालांकि 29.5 डि.से. रहा, फिर भी दिन में भी सर्दी का अहसास हो रहा था।
नागौर में अलसुबह कोहरे की परत छाई रही। बाडमेर और जैसलमेर में भी शनिवार को न्यूनतम तापमान के करीब दो डिग्री गिर जाने से खुले स्थान रहने वाले लोगों को अलावा तापने पडे। बाडमेर में तापमान अधिकतम 30 व न्यूनतम 14.3 और जैसलमेर में पारा अधिकतम 31.2 व न्यूनतम 14.4 डि.से. रेकार्ड किया गया।
साभार - राजस्थान पत्रिका