सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : साभार - दैनिक भास्कर

सोजत रोड (पाली),सोजत इलाके में शनिवार को दोपहर करीब ढाई बजे आई तूफानी बारिश ने भारी तबाही मचाई। करीब एक घंटे तक तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश से सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए। जगह-—जगह बिजली के पोल गिर गए। दर्जनों मकानों व प्रतिष्ठानों के टीन छप्पर कागज की माफिक उड़ कर कई मीटर दूर जाकर गिरे। अचानक आए तूफानी बारिश ने लोगों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। कई मकानों की दीवारें गिरने के भी समाचार है। उपखंड अधिकारी समेत कई अफसरों ने हालात का जायजा लिया तथा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
तूफानी बारिश के कारण मुख्य सड़क मार्गों पर जगह-जगह पेड़ गिर जाने से वाहनों के आवागमन का रास्ता बंद हो गया। कई स्थानों पर तो वाहनों का जाम लग गया। कस्बे के रेलवे स्टेशन परिसर में भी कई पेड़ गिर गए। कस्बे से सोजत सिटी, सियाट, बगड़ी नगर, नेहरू उद्यान मार्ग, राजकीय चिकित्सालय मार्ग, नाथों की प्याऊ, रेलवे स्टेशन रोड, सियाट धूणी, धूंधला के मुख्य मार्ग पर बड़े वृक्ष व उनके तने गिर जाने से रास्ते बाधित हो गए। इन मार्गों पर वाहनों की कतार लग गई। वाहन चालक पेड़ों को हटाए जाने का इंतजार करते देखे गए। नाथों की प्याऊ के पास स्थित शिव कालोनी में तीन मकानों की दीवारें ढह गई। वहीं कई मकानों के छप्पर व केलु उड़ गए। कस्बे के मुख्य बाजार से सटते एक गली में एक बड़ा नीम का पेड़ एक मकान पर गिर गया, शुक्र था कि इस दौरान कोई नहीं होने के कारण हादसा नहीं हुआ। बगड़ी मार्ग,सोजत मार्ग,सियाट से नाथों की प्याऊ मार्ग,मिरासी मोहल्ला,फुलाद मार्ग कृषि उपज मंडी के पास कई जगहों पर बिजली के पोल गिर गए व तार जमीन पर गिर गए। कई मकानों व प्रतिष्ठानों में पानी भर गया, जिससे व्यापारियों व रहवासियों का सामान भीगकर खराब हो गया।
इसी प्रकार गंगा सागर कॉलोनी व शास्त्री नगर में भी लोहे के चद्दर उडऩे के साथ ही कई पेड़ गिर गए।
रेलवे परिसर में तंबू लगाकर रह रहे भाट समुदाय के परिवारों के आशियाने उजड़ गए। इनका सारा सामान व कपड़े पानी में डूब गए व तैरने लगे।
वायरलैस टावर गिरा, किचनशेड उड़ा
पुलिस थाने में लगा वायरलेस का टावर भी नीचे गिर गया। कस्बे के बगड़ी मार्ग स्थित बस स्टैंड पर अस्थाई रूप से लगी सब्जी व फुटकर सामान की दुकानों के टीन छप्पर उड़ गए। दुकानदारों का सारा सामान बारिश से खराब हो गया, जिससे उनको हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। सुकड़ी नदी के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के किचन का टीनशेड उड़ गया। वहीं इस मार्ग पर कई नीम के पेड़ धराशायी हो गए। साथ ही एक वेल्डिंग की दुकान के छप्पर उड गए जो मार्ग में आकर गिरे।तेज बारिश के चलते कई गली-मोहल्लों में पानी भर गया। मुख्य बाजार व गली मोहल्लों मेें तो कई फीट तक पानी बहने लगा। डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता प्रकाश मीणा ने बताया की कस्बे में पचास से साठ पोल टूट गए हैं वही करीब पंाच डीपी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। व्यवस्था सुधरने में एक से दो दिन का समय लग सकता हैँ।
अधिकारियों ने लिया जायजा
बारिश थमने के बाद
सोजत उपखण्ड अधिकारी भागीरथ विश्नोई,तहसीलदार राजेश डागा,सोजत प्रधान राजेश सिंह कच्छवाह,सरपंच कुन्दन सिंह पंवार,विकास अधिकारी महावीर सिंह राठौड़,वार्ड पंच अनिल शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कस्बे के हालातों का जायजा लिया।अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकानों को देखा व नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। इसके साथ ही साथ ही जेसीबी से मुख्य मार्गो पर पड़े वृक्षों के तनों को हटाने की कार्यवाही शुरू करवाई।
सेंदड़ा. क्षेत्र में पांचवे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ बारिश का क्रम सायं 4 बजे तक जारी रहा। लगातार बारिश आने से क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। वहीं, बारिश से किसान चिंतित दिखे।
फालना. शनिवार शाम को फालना में आधे घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों व नालियों में पानी भर गया। बारिश से क्षेत्र में ठंड का अहसास बढ़ गया है।
जाडन. शनिवार को दोपहर दो बजे अचानक तेज हवा के बाद हुई वर्षा से चारों तरफ पानी बहने लगा। तेज बारिश के कारण एक बारगी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद सा हो गया। देर शाम तक बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।
निम्बोल. कस्बे सहित रामावास कला, रामावास खुर्द, लौटोती, बोगासनी, सिणला गांव में सुबह से ही बादल छाए रहे। दिन भर रुक—रुक बारिश रिमझिम होती रही।
रायपुर मारवाड़. नगर एवं आसपास के क्षेत्र में शनिवार को पांचवें दिन भी रिमझिम व तेज वर्षा का दौर जारी रहा। शनिवार को दोपहर दो बजे शुरू हुई वर्षा का दौर चार बजे तक चला। बारिश से वातावरण काफी ठंडा हो गया। इस वर्षा से रबी की फसलों को फायदा होगा।
राणावास. राणावास सहित आसपास के गांवों में शनिवार को दोपहर में जमकर बारिश हुई। तेज हवा के साथ हुई वर्षा से जगह—जगह पानी भर गया।
मारवाड़ जंक्शन. दोपहर को मारवाड़ जंक्शन में करीब 30 मिनट तक तेज हवा के साथ मूसलाधार बरसात हुई। इससे चहुंओर पानी ही पानी हो गया। क्षेत्र में बारिश के बाद सर्दी का असर और बढ़ गया है।
सियाट. गांव में वर्षा एवं तेज हवा के कारण कई जगह नुकसान हुआ है। भंवरलाल पुत्र मगाराम भाटी के मकान के पर लगी चद्दरे हवा के साथ उड़ गई, वहीं सियाट के राजकीय माध्यमिक विद्यालय के मुख्य दरवाजे के ऊपर लगे बोर्ड के साथ दोनों खंभे नीचे गिर गए।
बारिश ने बढ़ाई ठिठुरन
पाली. शहर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को हवा के साथ हुई बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई। शहर में दोपहर बाद आकाश में बादल छाए और ठंडी हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। देखते ही देखते बूंदाबांदी ने बारिश का रूप ले लिया। तेज हवा के साथ शहर में कहीं तेज तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हुई, जिससे सड़कें पानी से तरबतर हो गईं। नीचले इलाकों में पानी चलने लगा। जिले के सोजत, सोजतरोड, चंडावल, राणावास व फालना, बांता व राणावास में भी बादल जमकर बरसे। जिससे सड़कें पानी से लबालब हो गई। सोजत समेत आसपास के गांवों में तेज हवा के साथ हुई बारिश से कई पेड़ धराशाही हो गए। ठंडक बढऩे से लोगों को ऊनी वस्त्र पहनने पड़े। शाम होते ही ठंडक ने जोर पकड़ लिया।
बाहर निकाले ऊनी वस्त्र
शनिवार को दोहपर बाद मौसम में ठंडक घुलने के कारण लोगों को ऊनी वस्त्र पहनने पड़े। शाम होते ही स्वेटर, चादर ओढ़े नजर आए। अभिभावकों ने अपने छोटे बच्चों को बच्चों को गर्म लबादों में लपेटा। उनको घरों से बाहर नहीं आने दिया।
(uploaded by Mangal Senacha,Bangalore, on 14 Nov. 2010 at 11.37AM )