सीरवी समाज - मुख्य समाचार
	
	
	
	 
	Posted By : साभार - दैनिक भास्कर - जोधपुर 
	
	
बिलाड़ा,आई माता की बढेर में शुक्रवार को भादवा सुदी बीज पर मेला भरा गया। दीवान माधोसिंह ने परंपरानुसार बाबा मंडली के साथ मंदिर में प्रवेश कर जल रही अखंड केसर जोत की बाती बदली। जोत के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। श्रद्धालुओं ने जोत के दर्शन कर दीवान माधोसिंह से आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व दीवान ने रनिया बेरा, दीवान रोहिताश्व महाराज के धूणे व रोहिताश्व महाराज की जोड में जीजी माता की पाल मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की।
कर्मों के बंधन से आत्मा मलिन : दीवान 
आई माता मंदिर में धर्म सभा को संबोधित करते हुए आई पंथ के धर्म गुरु दीवान माधोसिंह ने कहा कि कर्मों के बंधन या आवरण आत्मा को मलिन कर देते हैं। आत्मा के शुद्ध स्वरूप को प्राप्त करने के लिए धर्म ही एक मात्र सहारा है। दीवान ने कहा कि व्यक्ति जितना अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए भागता है, कामना उसी गति से बढ़ती जाती है। लालसा ही तनाव का मूल कारण है। सुख को बांटने वाले तो हजारों मिल जाएंगे मगर दुख बांटने वाले बहुत कम मिलते है। इस मौके पर दीवान ने पुस्तक का विमोचन कर कहा कि इसके माध्यम से आई पंथ के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी। 
शोभायात्रा निकली : शाम पांच बजे गाजेबाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। महिलाओं ने माताजी की बैल का बधावणा किया तथा मंगल गीत गाए। गैर नृत्य इस मौके पर आकर्षण का केंद्र रहा।
(uploaded by Mangal Senacha,Bangalore, on 11 sept. 2010 at 9.36PM )