सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 25 May 2012, 10:45:33

पाली। मारवाड़-गोडवाड़ क्षेत्र में गुरूवार को सूर्य की रश्मियों ने काया को झुलसा दिया। गुरूवार को मई माह में सर्वाधिक तापमान रहा। तन झुलसाने वाली गर्मी के कारण लोग दिन में घरों में दुबके रहे। कूलर व एसी भी फेल हो गए। पंखे भी लू का एहसास कराने लगे। लोगों ने गर्मी से बचाव के लिए विभिन्न जतन किए। बीते चौबीस घंटों में पाली का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन चढ़ने के साथ ही सूर्य की किरणों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। सुबह आठ बजे की धूप भी असहनीय हो गई। दोपहर तक सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लोग गर्मी से बचाव के लिए विभिन्न जतन करते नजर आए। शीतल पेय पदार्थ की दुकानों पर भीड़ नजर आई। कूलर गर्म हवा फेंकने लगे। पंखों की हवा बेअसर साबित हुई।
अस्पताल में लगी कतारें
गर्मी के प्रभाव के कारण अस्पतालों में भी मौसमी बीमारी के मरीजों की कतार लगना शुरू हो गई है। गर्मी बढ़ने के साथ अस्पताल में उल्टी-दस्त, यूटीआई इन्फैक्शन के मरीज बढ़ने लगे हैं। बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत बढ़ने लगी है।
उबल गया पानी
गर्मी के कारण छतों के ऊपर लगी टंकियों का पानी इतना गर्म हो गया कि लोग हाथ भी नहीं लगा पाए।
घड़ी डरा रही!
सूरजपोल पर लगी घड़ी में दिख रहा तापमान लोगों को डरा रहा है। इस घड़ी में गुरूवार करीब 4.15 बजे अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस नजर आया। वहीं शाम को 6.30 बजे इस घड़ी में तापमान 41.2 डिग्री नजर आया। लोग घड़ी में तापमान देखकर डरे से नजर आए। वहीं ट्रैफिक पुलिस वाले भी ऎसी गर्मी में खड़े होने में असमर्थता जताते नजर आए। वहीं नगर परिषद के अधिशासी अभियंता अरूण व्यास का कहना है कि तापमापी कुछ दिनों से तापमान गलत बता रहा है। चिप में खराबी के कारण तापमान अधिक बता रहा है।
साभार - राजस्थान पत्रिका