सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 24 May 2012, 11:45:19

पाली। जिले में बीते बीस दिन खून से सने रहे। लगभग प्रत्येक दूसरे दिन हत्या की वारदात सामने आई। हत्या के मामलों में अचानक हुई बढ़ोतरी से पुलिस का काम भी खासा बढ़ गया है। दरकते सामाजिक रिश्तों की बदहाली बयान करती ये हत्याएं मारवाड़ के आमजन में दहशत का माहौल भी पैदा कर रही हैं। बीते बीस दिनों में ही जिले में नौ जनों की हत्या के मामले दर्ज हुए हैं। हालांकि अधिकांश मामलों का कारण सामाजिक वर्जनाओं का टूटना रहा है।
अवैध संबंध बड़ा कारण
पचास प्रतिशत से अधिक हत्याओं का कारण अवैध संबंध रहे हैं। रानी, सुमेरपुर व रोहट में तीन हत्याएं इसी के चलते हुई। रानी व रोहट में जहां अवैध संबंध बनाने के आरोपी युवकों की हत्या हुई। वहीं सुमेरपुर में बहन पर बुरी नजर डालने वाले को सुधरने की नसीहत देना एक युवक की मौत का कारण बन गया। वहीं देसूरी थाना क्षेत्र में पत्नी से नाराज पिता ने मासूम बेटे को कुएं में फेंक दिया। यही नहीं इसी क्षेत्र में किसी अनबन के बाद पत्नी से मिलने ससुराल गए युवक का शव भी संदिग्ध हालत में मिला। पाली में दहेज के लिए एक हत्या का मामला दर्ज हुआ। 15 मई को जैतारण में हुई वारदात में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। इधर सुमेरपुर में आदिवासी युवक की हत्या शराब के नशे में होना सामने आया है।
इनका नहीं खुलासा
हालांकि पुलिस ने अधिकांश मामलों का राजफाश कर लिया, लेकिन 11 मई को सोजत और जैतारण मामलों का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है।
इनका कहना
बीते कुछ दिनों में हत्या जैसे सामाजिक अपराध के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों ने आपसी रंजिश, अवैध संबंध और सामाजिक रिश्तों में टूटने पर अचानक आक्रोशित होकर वारदात को अंजाम दिया जाना स्वीकारा है। शेष रहे मामलों की पड़ताल चल रही है। शीघ्र ही राजफाश कर लिया जाएगा। अधिकतर मामलों का पुलिस ने तत्परता से
राजफाश किया है।
प्रसन्न कुमार खमेसरा, एएसपी, पाली
ये हुई वारदात
16 अप्रेल : रानी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका, साथी पर कातिलाना हमला।
25 अप्रेल : सुमेरपुर में एक युवक की हत्या कर शव साण्डेराव क्षेत्र में फेंका।
27 अप्रेल : देसूरी क्षेत्र में पत्नी से अनबन पर पिता ने किया मासूम पुत्र का कत्ल।
3 मई : पाली में पंखे से झूलती मिली विवाहिता, पति पर दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज।
6 मई : रोहट क्षेत्र में गला दबाकर युवक की हत्या।
11 मई : सोजत में सोती वृद्धा की हत्या, जेवरात लेकर भागे आरोपी।
11 मई : सुमेरपुर में मजदूर आदिवासी युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या।
13 मई : देसूरी थाना क्षेत्र में ससुराल में मिला दामाद का शव, हत्या का मामला दर्ज।
15 मई : जैतारण क्षेत्र में कूट के वार से महिला की हत्या।
साभार : राजस्थान पत्रिका