सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 23 May 2012, 12:38:01
पाली,शरीर झुलसाने वाली गर्मी के कारण शहरवासी बेहाल हो रहे हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने व लू के थपेड़ों से न घर में सुकून मिल रहा है और नहीं बाहर। मंगलवार को दिन चढऩे के साथ आकाश से मानो अंगारे बरसते रहे, इसके चलते जनजीवन भी काफी प्रभावित रहा। 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ जाने से इसका असर सड़कों पर भी नजर आया। दिनभर व्यस्ततम रहने वाले शहर के तमाम मार्गों पर दिन में सन्नाटा छाया रहा। दोपहर में शहर से गुजर रहे दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही काफी कम नजर आई। इधर, कहर बरपा रही गर्मी के चलते बाजार में भी व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ा है।
गर्मी के तीखे तेवर का अहसास सुबह से ही होना शुरू हो गया था। सुबह ग्यारह बजे तो तेज गर्मी के कारण पंखे तथा कूलर भी गर्म हवा दे रहे थे। काजरी के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.4 तथा न्यूनतम 29.6. डिग्री सेल्सियस रहा।
थमे वाहनों के चक्के
जिले की सीमा से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 14 व 65 पर भी मंगलवार को वाहनों की रेलमपेल आम दिनों की भांति नजर नहीं आई। इक्का-दुक्का वाहन ही सड़क पर दौड़ते दिख रहे थे। तपती दोपहरी में अधिकांश भारी वाहनों के चालकों ने राजमार्ग पर सड़क के किनारे स्थित ढाबों पर विश्राम करना ही उचित समझा।
साभार : दैनिक भास्कर