सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 04 Jan 2012, 08:48:37

सोजत रोड,पूर्व सांसद पुष्प जैन ने कहा है कि केन्द्र व राज्य की कांग्रेस सरकार हर क्षेत्र में पूर्णतया विफल रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है की वे सरकार की विफलताओं को आमजन के बीच ले जाकर भाजपा के पक्ष को मजबूत करें।
पूर्व सांसद जैन मंगलवार को मुसालिया बालाजी मंदिर में मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में महंगाई, भ्रष्टाचार बढ़ा है, जिससे आमजनता परेशान है। ऐसे में भाजपा की आमजन के प्रति जिम्मेदारी बढ़ जाती है। मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम सीरवी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के रीढ़ हैं। इन्हीं के बलबूते पर ही चुनाव को जीता जा सकता है। भाजपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गणपत मेघवाल ने अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोडऩे की अपील करते हुए सदस्यता अभियान की विस्तृत जानकारी दी। सम्मेलन को भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनुषया चारण, जिला महामंत्री मंजू मेघवाल, युवा मोर्चा जिला महामंत्री प्रफुल्ल ओझा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र बिठूडा आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पूनाराम चौधरी, भाजपा नेता खरताराम चौधरी, हीरालाल खण्डपा, युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, भाजपा इकाई अध्यक्ष बंशी दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
साभार - दैनिक भास्कर