सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 26 Dec 2011, 15:10:06

जोधपुर। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों शीतलहर का प्रकोप जारी रहने के साथ ही कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है। शेखावाटी क्षेत्र चूरू में, जहां बीती रात पारा गिरावट के साथ जमाव बिन्दु से 1.4 डिग्री नीचे पहुंच गया, वहीं पिलानी और गंगानगर में न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु के करीब रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी चौबीस घंटों में सर्द हवाओं से तापमान में मामूली गिरावट के साथ कुछ इलाकों में पाला पड़ने की संभावना जताई है।
बर्फीली हवाएं चलने के कारण शेखावाटी क्षेत्र चूरू में पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान जमाव बिन्दु से नीचे चल रहा है। यहां पेड़ पौधों की पत्तियों एवं घरों की छतों पर हल्की बर्फ की परत देखी गई। पिलानी, सीतावर्ती क्षेत्र गंगानगर में तापमान जमाव बिन्दु के करीब पहुंच गया। पिलानी में जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 0.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं सीमावर्ती क्षेत्र गंगानगर में 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। इन इलाकों में देर सुबह तक कोहरा छाने के साथ कड़ाके की ठण्ड से लोगों को आहत होना पड़ रहा है। इधर प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में बीती रात पारा 1.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह बीकानेर में 4.2 डिग्री, जैसलमेर में 5.4 डिग्री, वनस्थली में 5.6, उदयपुर में 7.6 और चित्तौड़गढ़ में 8.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
साभार - दैनिक नवज्योति