सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 18 Dec 2011, 12:22:12

जोधपुर। सुबह-सुबह शहर कोहरे की आगोश में लिपटा रहा और बर्फ सी भीगी सर्द हवा के कारण लोगों को कंपकंपी छूटती रही। इससे वीकएंड के रोज अलसाये शहर के बाशिंदों की सुबह कुछ देर से हुई। दिन चढ़ने के साथ ही कच्ची धूप जरूर सुहाने लगी। शाम छह बजे शहर को फिर ठंडी हवा ने घेर लिया तो दुकानों के शटर जल्दी नीचे गिर गए। सड़क पर वाहनों पर तेज रफ्तार से सफर करने वालों, सुबह व नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों, मजदूरोें, फुटपाथ पर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सर्द हवा में परेशानी हुई।
शाम जल्द अंधेरी हो गई और रात को शीत लहर के थपेड़े चलने से लोग घर जल्दी पहुंच कर रजाइयों में दुबक गए। रैन बसेरे शुरू करने के राज्य सरकार के आदेश से बावजूद जोधपुर के शहर, सूरसागर व सरदारपुरा क्षेत्र में गरीब लोग ठंड से ठिठुरते रहे। मौसम विभाग के अनुसार शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 28.0 व न्यूनतम 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी अधिकतम 41 व न्यूनतम 19 प्रतिशत रही।
मौसम बदला, बीमारियों ने घेरा
पिछले कुछ दिनों के दौरान तापमान में गिरावट आने से शहर में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं, अस्थमा, दिल, साइनस और रक्तचाप के रोगी बहुत परेशान हुए। मौसमी बीमारियों के शिकार सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और उल्टी-दस्त के रोगी भी बढ़ गए हैं।
साभार - दैनिक नवज्योति