सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 15 Dec 2011, 09:43:26
पाली। पाली, जालोर व सिरोही जिलों में बुधवार को भी सर्दी के तेवर कायम रहे। माउंट में तापमान में एक डिग्री बढ़ोतरी होने के बावजूद सर्द हवाओं का दौर जारी रहा। बुधवार को दिनभर वादियों में ठिठुरन बनी रही।
मैदानी इलाकों में सर्दी से मामूली राहत महसूस की गई। माउंट में न्यूनतम तापमान दो डिग्री व अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्द हवाओं से सैर सपाटे पर निकले सैलानी भी प्रभावित हुए।
पाली में भी सर्दी के तेवर बने रहे। दिनभर सूर्य भगवान व बादलों में लुकाछिपी का खेल चलता रहा। पूरे दिन लोग गर्म कपड़े पहने रहे। सुबह-शाम सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। पाली में बुधवार को अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट हुई। इससे यहां का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री बढ़कर 5.8 डिग्री पर आ गया।
जोधपुर में भी बर्फीली हवा से चमकी सर्दी
जोधपुर। बर्फीली हवाओं ने लगातार दूसरे दिन तापमापी का पारा गिरा दिया। शहर में पहली बार इस सीजन में ठिठुरन का अहसास हुआ। जोधपुर का न्यूनतम तापमान छह डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में आज सुबह पारा जमाव बिंदू पर पहुंच गया।
यहां नक्की के आसपास पेड़-पौधों और शिकारों पर बर्फ की हल्की चादर देखी गई।ठंड अब परवान चढ़ने लगी है। सूर्यनगरी में रविवार को भी दिनभर हल्की शीतल बयार चलती रही। रविवार होने से लोग दिनभर घरों में ही रहे। धूप सेवन से ठंड से बचने का जतन अब शुरू हो गया है। शहर में रात का पारा दो दिन में नौ डिग्री गिरा है।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 6.0 डि.सै. दर्ज किया गया। आद्रüता अधिकतम 58 और न्यूनतम 16 फीसदी दर्ज की गई। वहीं फलोदी का अधिकतम तापमान 26.5 और न्यूनतम 7.0 डिग्री रहा। इधर, पाली में न्यूनतम तापमान 3.8 डि.सै. दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी एक-दो दिन तक सुबह कोहरे के साथ तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
साभार - पत्रिका