सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 07 Nov 2011, 11:13:12

बिलाड़ा,नगरपालिका क्षेत्र में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है। शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर नगर पालिका की पोल खोल रहे हैं। सफाई माकूल नहीं होने से लोग परेशान हो रहे हैं और अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे। गंदगी के कारण आवारा पशु भी बढ़ रहे हैं।
नगर पालिका द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था के नाम पर अस्थाई सफाईकर्मी लगाए हुए हैं लेकिन वे पूरे शहर की नियमित सफाई करने में असमर्थ हैं। व्यवस्था में कमी के चलते शहर में जगह-जगह गंदगी नजर आती है। शहर के भीतरी हिस्सों में तो और भी बुरा हाल है। दरअसल बिलाड़ा की आबादी बढऩे और विस्तार होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा शहर के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं की गई है। स्थाई कर्मचारियों की कमी के कारण आधी अधूरी व्यवस्था पूरी नहीं पड़ रही। नगर पालिका की स्थापना के समय आबादी कम होने से सफाईकर्मी कम थे। समय के साथ इनकी संख्या बढ़ाने की जरूरत महसूस होने के बाद भी पालिका क्षेत्र पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगर पालिका क्षेत्र में २५ वार्ड है जिनमें से कई वार्ड तो ऐसे हैं जहां कभी सफाईकर्मी नजर ही नहीं आते। कुछ वार्ड में ठेके के कर्मचारी पहुंचते हैं तो वे सफाई की औपचारिकता ही करते हैं। लोग सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए पालिका के अधिकारियों के यहां बार-बार चक्कर भी लगाते हैं लेकिन कहीं सुनवाई नहीं होती।
सफाई कराएंगे
"सफाई व्यवस्था के लिए सभी कर्मचारियों को कई मर्तबा कहा गया है। यदि कहीं सफाई नहीं हो रही है तो वहां सफाईकर्मी भेजे जाएंगे।"
पुरखाराम सीरवी कार्यवाहक ईओ बिलाड़ा नगरपालिका
साभार - दैनिक भास्कर