सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 03 Nov 2011, 11:12:22

पाली। इस बार जिले में होने वाली सामाजिक, आर्थिक व जाति आधारित गणना तथ्य छिपाने वालों पर भारी पड़ेगी। ऎसे लोगों को सरकारी सुविधाओं व योजनाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। प्रगणक द्वारा दी जाने वाली रसीद में भी इस चेतावनी का उल्लेख किया जाएगा। जनगणना के साथ रसद विभाग की ओर से राशनकार्ड के सर्वे प्रपत्र भी भरे जाएंगे। पाली शहर व तहसील क्षेत्र में पांच व अन्य तहसीलों व पंचायत समितियों में पन्द्रह नवम्बर से यह काम शुरू होगा। जनगणना के लिए 240 टेबलेट पीसी (डेटा कलेक्शन हैण्डहेल्ड इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस) उपलब्ध हुए हैं।
केन्द्र सरकार इस बार सामाजिक, आर्थिक व जाति आधारित पेपरलैस जनगणना करवाने जा रही है। संशोधित समय चक्र के अनुसार जिले में जनगणना का काम पांच नवम्बर से पाली शहर तथा तहसील में किया जाएगा। इसके लिए प्रगणकों की नियुक्ति की जा चुकी है। शहरी क्षेत्र में जनगणना शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय भारत सरकार की ओर से करवाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इसका प्रभारी तहसीलदार तथा नगर पालिका क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी व नगर परिषद क्षेत्र में आयुक्त को बनाया गया है। जनगणना में प्रत्येक परिवार की आर्थिक स्थिति का भी आंकलन किया जाएगा।
भरेंगे राशनकार्ड सर्वे प्रपत्र
प्रगणक जनगणना आंकड़ों के साथ रसद विभाग द्वारा दिए गए राशनकार्ड के सर्वे प्रपत्र को भी तैयार करेगा। प्रपत्र के साथ राशनकार्ड बनवाने वाले परिवार के मुखिया की फोटो भी उस पर लगाई जाएगी। प्रगणक को मतदाता पहचान पत्र, पुराना राशनकार्ड, गैस कनेक्शन की जानकारी, राशनकार्ड की श्रेणी को सर्वे प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा।
लोगों को प्रगणक को सही जानकारी उपलब्ध करवानी चाहिए। इसके आंकड़े विकास की योजनाओं को प्रभावित करेंगे। लोगों को भी सरकारी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
हरफूलसिंह यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर
प्रगणक को जो भी वांछित जानकारियां हैं सभी उपलबध करवाई जानी चाहिए। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
रामसिंह पालावत, आयुक्त, नगर परिषद
सर्वे प्रपत्र में परिवार की जानकारी प्रगणक के द्वारा ही भरी जाएगी। इससे त्रुटि की संभावना कम रहेगी। करीब दो लाख आवेदन फार्म छपकर आ गए हैं। तहसील व स्थानीय निकाय को भिजवाए जाएंगे।
सत्येन्द्रकुमार शर्मा, जिला रसद अधिकारी