सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 30 Oct 2011, 10:57:58

बड़वानी। पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि के बाद अनेक चार पहिया वाहन मालिकों ने अपने वाहनों में सीएनजी किट लगवा लिए हैं। बड़वानी जिले में एक भी सीएनजी पंप नहीं होने से अनेक चार पहिया वाहन स्वामी मजबूरी में घरेलू गैस का उपयोग वाहनों में ईधन के रूप में कर रहे हैं। बड़वानी का वैन चालक संघ व ऑटो चालक संघ ने प्रशासन से शहर में सीएनजी पंप खुलवाने की मांग कर चुका है, लेकिन अब तक शहर में सीएनजी पंप की दरकार बनी हुई है। क्षेत्र में सीएनजी पंप हो जाने से वाहन चालकों को सुविधा के साथ आम जनों को घरेलू गैस की उपलब्धता आसानी से हो जाएगी।
पेट्रोल से किफायती
वैन चालकों ने "पत्रिका" से मुखातिब होते हुए बताया कि पेट्रोल से वाहन चलाना घाटे का सौदा हो गया है। सीएनजी से वाहन चलाना वाहन मालिकों के लिए पेट्रोल से वाहन चलाने से किफायती पड़ता है। शहर में 100 किमी तक कोई सीएनजी पंप नही है। ऎसे में शहर में सीएनजी पंप हो जाने से वैन, ऑटो व अन्य गैस चलित चार पहिया वाहन चालकों को सुरक्षित व सुविधाजनक ढंग से गैस उपलब्ध हो पाएगी। पेट्रोल के दाम 73 रूपए प्रति लीटर के मुकाबले सीएनजी के दाम 36 रूपए प्रति लीटर है। एक लीटर पेट्रोल से वैन 15 किमी चल पाती है, वहीं एक लीटर सीएनजी से वैन 20 से 22 किमी प्रति लीटर तक का एवरेज दे देती है।
कालाबाजारी पर लगेगी लगाम
निजी चार पहिया वाहनों में घरेलू गैस का उपयोग होने से आम घरेलू गैस उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाते है। सूत्रों के अनुसार गैस की कालाबाजारी करने वाले गैस सिलेंडर 750 से 800 रूपए में बेचते हैं। सीएनजी पंप के शहर में हो जाने से घरेलू गैस की कालाबाजारी पर भी लगाम लगेगी।
खतरनाक ढंग से रिफिलिंग
चार पहिया वाहनों में अवैध रूप से गैस की रिफिलिंग करने के दौरान आगजनी का खतरा बना रहता है। नगर के राजघाट रोड व चूना भट्टी क्षेत्र में बीते साल में गैस रिफिलिंग के दौरान आगजनी की घटना भी हो चुकी है। सीएनजी पंप से वाहन उपभोक्ताओं को भी सुरक्षित ढंग से उचित मूल्य पर गैस उपलब्ध हो जाएगी।
साभार - पत्रिका