सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 12 Oct 2011, 17:58:40
सिंगापुरः सोना फिर रिकॉर्ड बना सकता है। दुनिया भर में आर्थिक अनिश्चितता के कारण अगले साल इसके फिर से बुलंदियों पर पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सिंगापुर के नारेको फंड एडवाइजर्स का कहना है कि अगले साल सोना रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच सकता है। उसके चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर दिएगो पारिलो ने कहा कि पिछले महीने सोने के गिरने की वज़ह थी सट्टेबाजी के कारण पैदा हुई तेजी। इससे दीर्घ काल के निवेशकों को फायदा हुआ है। उम्मीद है कि सोने की तेजी बनी रहेगी। दीर्घ काल के निवेशक इसमें पैसे लगाते रहेंगे।
दुनिया भर के सेंट्रल बैंक अब एक समय के जोखिम मुक्त बांडों से अलग होकर कहीं और निवेश करना चाहते हैं। ऐसे में सोना एक बेहतर विकल्प है, इसलिए नहीं कि इसमें कुछ खास बात है बल्कि इसके सिवा कोई बढ़िया विकल्प नहीं है।
इस साल हाजिर सोना 17 प्रतिशत तक बढ़ गया है और एक समय 1,920.20 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। लेकिन उसके बाद उसमें 300 डॉलर प्रति औंस की गिरावट आ गई।
डॉलर की कमज़ोरी से सोना लगातार मजबूत होता चला गया। मूल रूप से यह उसके विकल्प के रूप में उभरा लेकिन सटोरियों ने इसमें जबर्दस्त निवेश करके इसे बुलंदियों पर पहुंचा दिया। इसके अलावा गोल्ड ट्रेडेड फंडों में भी लोगों ने करोड़ों डॉलर का निवेश किया जिससे यह और चढ़ा। इसके बाद सारी दुनिया में जैसे कि सोने की मांग बढ़ गई। लेकिन अन्य एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह एक खतरनाक वृति है और इसमें इस तरह से पैसे लगाना जोखिम भरा हो सकता है।
बुलियन मर्चेंट्स एसोसिएशन के महासचिव श्रीकृष्ण गोयल चांदीवाला ने कहा कि सोने की ये ऊंचाइयां ज्यादा समय के लिए नहीं है। इसमें बड़े पैमाने पर सटोरिये घुस आए हैं। इनसे सावधान रहना होगा नहीं तो वही हाल होगा जो 1980 में हुआ था।
लेकिन कई फंड मानते हैं कि जब तक डॉलर का कोई विकल्प सामने नहीं आता है तब तक सोना आगे जाता रहेगा।
साभार - बिज़नेस भास्कर
----------