सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 12 Oct 2011, 10:02:23

दीपावली महापर्व के लिए कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में हर दिन का अपना अलग महत्व है। ज्योतिष के अनुसार दिवाली के पहले 20 अक्टूबर के दिन एक साथ पांच-पांच दुर्लभ योग बन रहे हैं।
धन-संपत्ति बढ़ाने वाला पर्व दीपावली सभी धूमधाम से मनाते हैं। इसके लिए कई दिनों पहले से ही तैयारियां, खरीददारी आदि की जाती है। ज्योतिष के अनुसार खरीददारी के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त बन रहे हैं 20 अक्टूबर गुरुवार को। इस दिन खरीददारी करना काफी फायदेमंद माना जाता है।
दीपोत्सव के पहले 20 अक्टूबर गुरुवार को पुष्य नक्षत्र आने से इस बार गुरु-पुष्य का शुभयोग बन रहा है। इस दिन सर्वार्थसिद्धि, अमृत सिद्धि योग के साथ ही सूर्य-बुध का बुधादित्य और गजकेसरी योग भी है। एक ही दिन ये पांच शुभ योग बनना सभी के लिए फायदेमंद है। दीपावली के पहले खरीदी के लिए पुष्य नक्षत्र का खास महत्व माना है। इस दिन घर में नई वस्तुएं लाने से घर पर महालक्ष्मी की विशेष कृपा रहती है। इस दिन गुरु-पुष्य के साथ ही सर्वार्थसिद्धि, अमृत सिद्धि, बुधादित्य और गजकेसरी योग आने से इस दिन का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
अगले गुरुवार को हर प्रकार की खरीदी, नए कार्य आरंभ के लिए सर्वश्रेष्ठ समय माना जा रहा है। 20 अक्टूबर को सुबह करीब 10.45 बजे तक पुनर्वसु नक्षत्र है। इसके बाद पुष्य नक्षत्र लगेगा, यह अगले दिन 21 अक्टूबर की सुबह 10.45 बजे तक बना रहेगा। वैसे तो 24 घंटे तक पुष्य नक्षत्र रहेगा लेकिन गुरु-पुष्य का संयोग ही सर्वश्रेष्ठ है। दीपावली के पहले गुरु-पुष्य का संयोग चार साल पहले 2007 में बना था।
साभार- दैनिक भास्कर