सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 17 Sep 2011, 13:18:50

पाली। केन्द्रीय महिला सशक्तीकरण योजना शुभारम्भ के लिए पाली जैसे जिले का चयन होना महत्वपूर्ण है। योजना के माध्यम से जिले को आदर्श बनाएंगे। राज्य की ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं का इससे उत्थान होगा। यह बात महिला एवं बाल विकास के प्रमुख शासन सचिव सुदर्शन सेठी ने कही।
समारोह में शिरकत करने आए महिला एवं बाल विकास विभाग के केन्द्रीय अतिरिक्त सचिव एन. सानियाल ने कहा कि यह योजना पूर्ण सशक्तीकरण की पहल है। इससे महिला अधिकारों की तामील होगी। महिलाओं के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
सीएम की राह तकते रहे
शहर में नया गांव औद्योगिक क्षेत्र में पावरलूम उद्योग का शिलान्यास व महिला सशक्तीकरण योजना के शुभारम्भ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नहीं आने से लोगों में निराशा दिखी। प्रशासनिक अधिकारियों की तैयारियां काम नहीं आर्ई। सीएम के नहीं आने की सूचना पर कई लोग पहले ही लौट गए।
दरियाव ने याद दिलाई घोषणा
संघर्षमय जीवन जीकर छोटी उम्र में ही अपनी प्रतिभा के दम पर सफलता प्राप्त करने वाली रायपुर तहसील के रामपुराकलां गांव की बालिका दरियाव कंवर का संबोधन काफी सराहा गया। उन्होंने मंच को खेलमंत्री द्वारा उसे 20 हजार रूपए देने की घोषणा की भी याद दिलाई, जिसे खेलमंत्री भूल गए।
दरियाव के ऎसा कहते ही मंच चौंक गया। उसने जैसे ही अपना संबोधन पूरा किया। पर्यटन एवं महिला बाल विकास विभाग मंत्री बीना काक ने उसे बीस हजार रूपए देने की व्यवस्था करवाई। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री कृष्णा तीरथ ने दरियाव को चेक सौंपा।
पत्रिका का आभार जताया
अपने सम्बोधन के दौरान दरियाव ने राजस्थान पत्रिका का आभार जताया। जिसके माध्यम से उसकी योग्यता व मजबूरी को लोगों तक पहुंचाया गया। उसने जीवन में सफलता दिलाने वाले अपने कोच चम्पालाल भाटी, जिला कलक्टर नीरज के पवन, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नूतनबाला कपिला, खेल अधिकारी सुशीला सुखवाल का भी आभार जताया।
उधर उपदेश, इधर अनदेखी
बांगड़ कॉलेज में एक ओर महिला सशक्तीकरण के लिए योजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा था वहीं लॉ कॉलेज के निकट फूटी पाइप लाइन से लगातार पानी बह रहा था। ताज्जुब इस बात का था कि सभी सरकारी अधिकारियों की गाडियों की पार्किंग वहीं की गई थी। लगातार पानी के बहाव के कारण लम्बी दूरी तक मैदान गीला हो गया।
पेयजल को तरसे
सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल पर बल्लियों से रास्ते बनाने के कारण महिलाओं और उनके साथ आए बच्चों के जाने का रास्ता भी निश्चित हो गया।
ये बोले समारोह के अतिथि
जिले में 320 में से 150 ग्राम पंचायतों का इस योजना के लिए चयन किया गया है। मैं केन्द्रीय मंत्री से आग्रह करूंगा कि सभी ग्राम पंचायतों में इसे लागू किया जाए। ताकि सभी जगह विकास हो।
खुशवीरसिंह, जिला प्रमुख
ग्रामीण महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री से आग्रह है कि शहरी क्षेत्रों के लिए भी ऎसी योजनाओं का संचालन किया जाए।
केवलचंद गुलेच्छा, सभापति, नगर परिषद
जिले में योजना की शुरूआत अच्छी बात है। दाती
महाराज ने महिला सशक्तीकरण के लिए काफी योजनाएं चला रखीं हैं। केन्द्र व राज्य सरकार भी इसके लिए प्रयासरत है।
बद्रीराम जाखड़, सांसद, पाली
बांटी सहायता
शनिधाम ट्रस्ट की ओर से लगाई प्रदर्शनी के दौरान विकलांगों तथा स्कूली छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। गरीब विधवा महिलाओं को हाथ ठेले भी भेंट किए गए। इस दौरान उच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं को लेपटॉप व महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गर्ई। प्रदर्शनी में लगे विभिन्न हाथ निर्मित सामानों का भी लोगों ने अवलोकन किया।
अमरसिंह हुआ पुरस्कृत
समारोह में दाती संकट मोचक योजना से राशन विक्रेता अमरसिंह को पुरस्कृत किया गया। अमर ने कुछ माह पूर्व एक गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल लाकर समय पर उपचार करवाया था। केन्द्रीय मंत्री तीरथ ने अमरसिंह को दाती संकट मोचक योजना का ग्यारह हजार रूपए का चेक सौंपा।
किया पौधरोपण
केन्द्रीय मंत्री तीरथ ने ओजोन दिवस के अवसर पर जोधपुर रोड स्थित अम्बेडकर भवन में कच्ची बस्ती के बच्चों के लिए संचालित स्कूल में रूककर पौधरोपण किया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। संस्था अध्यक्ष कन्हैयालाल परिहार सहित सदस्यों ने केन्द्रीय मंत्री का स्वागत किया।
छा गई धन्नोदेवी
महिला सशक्तीकरण का एक उदाहरण कार्यक्रम में नजर आया। ग्रामीण क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिला धन्नोदेवी ने कहा कि जिले में प्लास्टिक थैलियां बंद होने के बाद उन्होंने कपड़े की थैलियां बनाने का काम शुरू किया। धीरे-धीरे महिलाएं जुड़ती गर्ई और स्वयं सहायता समूह बना लिया। अब महिलाएं आत्मनिर्भर भी हैं और जरूरत पड़ने पर अपने पति को भी रूपया उधार दे देती हैं। धन्नोदेवी के भाषण अभिभूत होकर पर्यटन मंत्री बीना काक ने उसे गले से लगा लिया।
मीठी बोली मारवाड़ी
कार्यक्रम के शुरूआत में आरएएस प्रशिक्षु सुनिता मीणा ने योजना की जानकारी मारवाड़ी भाषा में दी। उनकी बोली सुनकर सभा में उपस्थित भीड़ आकर्षित हुई।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
बांगड़ महाविद्यालय में शनिधाम ट्रस्ट की ओर से प्रदर्शनी लगाई गई थी। केन्द्रीय मंत्री तीरथ तथा पर्यटन मंत्री काक ने ट्रस्ट की बालिकाओं द्वारा बनाई सामग्री का अवलोकन किया। विभिन्न गहनों को देखकर केन्द्रीय मंत्री अभिभूत हुईं। महिला एवं बाल विभाग विभाग की ओर से लगाई स्टॉलों पर महिलाओं द्वारा बनाए विभिन्न उत्पाद देखे। महिलाओं ने अपने हाथों से केन्द्रीय मंत्री को चूडियां पहनार्ई।
लिंग जांच नहीं कराने की शपथ दिलाई
कार्यक्रम के समापन पर केन्द्रीय मंत्री तीरथ ने सभा में उपस्थित सभी लोगो को लिंग जांच नहीं कराने तथा कन्या भू्रण हत्या नहीं करने की शपथ दिलाई।
साभार - राजस्थान पत्रिका