सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 13 Sep 2011, 11:16:03
पाली। श्रावण में चुप्पी साधकर बैठे मेघों में भादौ ने अपनी मेहर बरसाई। आश्विन से एक दिन पूर्व सोमवार को मूसलाधार बरसात से चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। नदी-नालों में पानी की आवक हुई और बांधों का गेज बढ़ गया। पाली जल संसाधन विभाग के 11 बांध ओवरफ्लो हो गए।
शहर में एक दिन पहले शुरू रिमझिम बारिश का दौर सुबह थमने से उमस बढ़ गई। आसमान में सुबह दस बजे बाद काली घटाएं गहराने लगी और साढ़े ग्यारह बजे मूसलाधार बरसात शुरू हो गई, जो एक घंटे तक शहर को भिगोती रही। तहसील कार्यालय के अनुसार बादलों के झमाझम पानी बरसाने से एक घंटे में ही 37 मिमी पानी बरसा।
11 बांध ओवरफ्लो
बरसात से नदी-नालों में पानी बहने से 11 बांध ओवर फ्लो चल रहे है। कादम्बरी, भूला, केर, कंटालिया, मीठड़ी, सादड़ी, रायपुर लुनी, लाटाड़ा, सेली की नाल, जूना मलारी व केसूली बांध ओवर फ्लो हो गए। फुलाद बांध में 25 फीट पानी आ गया है और अब छलकने में महज एक फीट पानी आना शेष है।
बाली में सर्वोधिक बारिश
जिले में पिछले चौबीस घंटों में सबसे अधिक बरसात बाली में 152 मिमी (करीब 6 इंच) दर्ज की गई। जल संसाधन विभाग के अनुसार पाली में 22 मिमी, रोहट में 26, देसूरी में 58, सोजत में 35, मारवाड़ जंक्शन में 37, जैतारण में 33, रायपुर में 12 व सुमेरपुर में 109 मिमी वर्षा हुई।
घरों में घुसा पानी
बरसात के कारण चंद मिनटों में ही शहर की गलियां जलमग्न हो गई। रामदेव रोड, मंडिया रोड, जालोर गेट, सिंधी कॉलोनी, कालूजी की बगेची, आदर्श नगर और नया गांव क्षेत्र के कई घरों में पानी घुस गया। इस कारण लोगों को भीगते हुए पानी निकालने का जतन करना पड़ा। शहर के व्यस्त क्षेत्र सूरजपोल पर भी पानी का भराव हुआ। बांगड़ अस्पताल में जाने वाले मार्ग, लोढ़ा स्कूल के बाहर व कलक्ट्री जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया।
दौड़ता रहा पिता
बरसात के दौरान मंडिया रोड पर एक बीमार बच्चे को अस्पताल ले जाने के लिए पिता तीन महिलाओं के साथ सड़क पर आया। ऑटो चालकों को रूकवाने का आग्रह किया, लेकिन एक भी नहीं रूका। कोई सड़क पर पानी भरा होने का तो कोई स्कूल के छात्रों को ले जाने का कहकर निकल गया। बीमार बेटे का पिता इधर-उधर दौड़ता रहा। आखिर एक कार चालक के आगे खड़ा होकर गिड़गिड़ाया तो उसने मानवता दिखाते हुए बच्चे को अस्पताल ले जाने की हामी भरी।
साभार - पत्रिका