सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 31 Aug 2010, 11:31:29
सिर्वी समाज ने जगह-जगह चल समारोह निकाले,सहभोज भी दिया
नागदा में बाबा रामदेव की शोभायात्रा निकली।कानवन में बाबा रामदेव का चल समारोह निकला।राजगढ़ के समीप ग्राम अमोदिया में नृत्य करते युवा।गाजनोद के रामदेव मंदिर में ध्वजा चढ़ाते हुए ग्रामीण।अमझेरा में निशान लेकर जाते हुए श्रद्धालु।
संपूर्ण अंचल में सिर्वी समाज द्वारा आई माता का ५९६वाँ प्रकटोत्सव दिवस (भादवा बीज पर्व) उत्साह के साथ मनाया गया। अनेक स्थानों पर चल समारोह भी निकाले गए। इसमें सैकड़ों समाजजन सम्मिलित हुए। माताजी के मंदिरों में पाठ गादी चढ़ाई गई। सहभोज भी रखा गया।
राजगढ़। तहसील क्षेत्र सरदारपुर के करीब १८ ग्रामों में दिवस मनाया गया। ग्राम कंजरोटा में माता मंदिर से प्रातः १० बजे चल समारोह प्रारंभ हुआ। अनेक स्थानों धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्वागत किया गया। इसी प्रकार ग्राम अमोदिया में आई माता का धर्मरथ आकर्षक का केंद्र बना रहा। जगह-जगह पूजन किया गया। बालाजी ग्रुप के तत्वावधान में निकली इस यात्रा में बालिकाएँ गरबा करती चल रही थीं। मार्ग में माँ नवदुर्गा मंडल व साँवरिया ग्रुप द्वारा स्वागत किया गया। अंत में माताजी की पाठ चढ़ाकर पौराणिकों का सम्मान किया गया। महाआरती के बाद प्रसादी वितरीत की गई। सामूहिक भोज हुआ।
ग्राम पिपरनी में भी शोभायात्रा निकली, जो ३ घंटों तक ग्राम में घूमती रही। समापन आई माता मंदिर पर हुआ। महाआरती उतारी गई। सहभोज आदि में हेमाजी भायल, माँगीलाल चौधरी, डॉ. दिनेश सतपुड़ा, नंदाजी मोलवा एवं रमेश सतपुडा ने सहयोग दिया।
टिमायची । क्षत्रिय सिर्वी समाज ने मंगलवार को भादव बीज पर्व मनाया। वहीं भगवती मंडल के तत्वावधान में आई माता मंदिर में प्रातः से ही श्रद्घालुओं का ताँता लगा रहा। इस दौरान आई माता के भजनों की भी प्रस्तुति हुई। अंत में आरती के बाद प्रसादी का वितरण हुआ। इसके पूर्व रतजगा कार्यक्रम हुआ। आयोजन में नरसिंह काग, राजू गेहलोत एवं रुपाजी सतपूड़ा का सक्रीय सहयोग रहा।
गाजनोद। ग्राम में बाबा रामदेव मंदिर के शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई। ग्राम गाजनोद के नयापुरा में सार्वजनिक बाबा रामदेव मंदिर पर सोमवार को ग्रामीणों ने संगीतमय भजन के साथ रतजगा किया। जयराम राठौर, नंदराम भग्गी, गणेशलाल लिलन, बद्री गिरवाल, अम्बाराम, राजू भूरिया का विशेष सहयोग रहा। महाप्रसादी का वितरण किया गया।
कानवन। भादवा की बीज का बाबा रामदेव का मंगलवार को चल समारोह निकला। इसमें बाबा की तस्वीर के साथ काला भैरू को ट्रेक्टर-ट्राली में सजाया गया। समारोह का शुभारंभ कालिका माता परिसर से हुआ। वीर तेजाजी मंदिर पर समापन के बाद प्रसादी का वितरण हुआ। वहीं जोधपुर से २१० किमी दूर रामदेवरा (रणुचे) की धूम भी दिखाई दी। लेब़ड़- जावरा फोरलेन पर अमोदिया फाटे के समीप बने साँईं मंदिर में बाबा रामदेव की बीज के दिन प्रसादी का वितरण किया गया। ग्राम भोइंदा में बाबा रामदेव भंडारा समिति ने शोभायात्रा निकाली।
टांडा। यहाँ क्षत्रिय सिर्वी समाज सकल पंच द्वारा आराध्य देवी आई माताजी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। सिर्वी मोहल्ला स्थित में दिनभर भक्तों को ताँता लगा रहा। शाम को शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से निकाली गई। समापन श्री आईमाता मंदिर प्रांगण पर हुआ। रात्री में भजन हुए। महाप्रसादी बाँटी गई।
अमझेरा। नगर में भाजवा बीज पर्व उत्साह से मनाया गया। भोई मोहल्ले के रामदेव बाबा मंदिर से निशान का चल समारोह निकाला गया। यह प्रमुख मार्गों से होता हुआ रामदेव मंदिर पहुँचा, जहाँ निशान चढाए गए। इस अवसर पर बाबा रामदेव मंदिर पर आकर्षक सज्जा की गई।
महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुति दी
नागदा। बाबा रामदेव की जयंती पर मंगलवार को बस स्टैंड स्थित मंदिर से ढोल-ढमाकों के साथ शोभायात्रा निकली। इसमें महिलाएँ बाबा के भजन गाते चल रही थीं। यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। वहीं भजन गायक राधेश्याम पाँचाल ने मधुर भजनों की प्रतुति दी। समापन पर आरती के बाद प्रसादी का वितरण हुआ।
मनावर। समाज द्वारा यहाँ भी जुलूस निकाला गया। प्रमुख मार्गों से होता हुआ जुलूस पुनः आई माताजी के मंदिर पहुँचा। जगह-जगह स्वागत द्वार तथा मंच से पुष्पवर्षा की गई। नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राधेश्याम मुकाती, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष महेन्द्रसिंह परिहार, भाना पँवार, कैलाश मुकाती, समीरमल कांकरेचा, हरि पटेल, आशीष, लखन गेहलोद आदि ने स्वागत किया। समारोह में आई जी गु्रप का सराहनीय सहयोग रहा। इस दिन समाज ने प्रतिष्ठान तथा व्यवसाय बंद रखे। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएँ भी शामिल हुईं। बालिकाओं ने गरबे किए।
बाग। यहाँ सभी बंधुओं ने कृषि कार्य व व्यापार बंद रखे। प्रातः श्री आई माताजी मंदिर हताई चौक से शोभायात्रा निकाली गई। यह प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विजय स्तंभ चौराहे तक पहुँची। वहाँ से वापस हताई चौक आकर गादी चढ़ाई गई। पूजा-अर्चना व महाप्रसादी का वितरण किया गया। यात्रा में गरबा तथा राजस्थानी नृत्य करते हुए महिलाएँ मंगलगीत गा रही थीं। समाज अध्यक्ष गोविंद गेहलोत ने बताया कि समाज को २७ प्रतिशत आरक्षण स्वीकृत किया गया, जो बड़ी उपलब्धि है।
गणपुर। यहाँ दो किमी दूर नर्मदानगर में आई माता की शोभायात्रा निकाली गई। महाप्रसादी का आयोजन मोहनलाल परमार, भीमाजी राठौर, लक्ष्मण राठौर आदि द्वारा किया गया। आभार समाज के अध्यक्ष बाबूलाल राठौर, रमेश मुकाती और जगदीश परमार ने माना।
भादवा बीज पर पैदल यात्रा निकाली
बखतगढ़। यहाँ काछिया वाले हनुमानजी के मंदिर से पैदल यात्रा निकाली गई। सर्वप्रथम श्रद्धालुओं ने मत्था टेक कर तपस्यारत महाराज रघुवीरदासजी से आशीर्वाद लिया। ढोल ढमाके के साथ निकली शोभायात्रा में बाबा रामदेव की तस्वीर एवं श्वेत ध्वज लेकर भक्त चल रहे थे। यात्रा में १०० से भी अधिक श्रद्धालु शामिल थे। प्रमुख मार्गों से होती हुई शोभायात्रा यहाँ से ७ किमी दूर बदनावर मार्ग स्थित रामदेवजी के मंदिर पहुँची। वहाँ महाआरती की गई। श्रद्धालु दिनेश ओमप्रकाश देवड़ा ने मन्नात अनुसार सवा मन प्रसादी चढ़ाकर वितरित की।
उत्कृष्ट कृषक व प्रतिभावान बच्चे पुरस्कृत
गंधवानी। बस स्टैंड स्थित सिर्वी समाज धर्मशाला से आई माता की शोभायात्रा निकाली गई।
साभार नईदुनिया