सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 13 Aug 2010, 12:34:14

पाली। मेघों के शुक्रवार को चुप्पी तोड़ने से शहर तर हो गया। झमाझम बारिश से सड़कों और गलियों में पानी बह निकला। मौसम में ठण्डक घुल गई। वहीं किसानों के चेहरों पर रौनक आ गई। शहर में सुबह से ही बादलों की आवाजाही रहने से धूप-छांव का खेल चलता रहा। आसमान में दोपहर दो बजे काली घटाएं छाई और फुहारों का दौर शुरू हो गया। घटाओं के आने का क्रम जारी रहा और कुछ देर बाद फुहारें झमाझम बारिश में तब्दील हो गई। बरसात का क्रम करीब पौन घंटे तक चलता रहा।
सड़कें बनी तलैया
बरसात के कारण शहर की कई गलियां व क्षेत्र तलैया बन गए। पीएण्डटी कॉलोनी, रामदेव रोड, सर्राफा बाजार, सूरजपोल-कलक्ट्री मार्ग, भैरूघाट, सिंधी कॉलोनी, आदर्श नगर सहित कई क्षेत्रों में सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया। इन क्षेत्रों के कई मकानों में भी पानी घुस गया।
लिया सहारा
बरसात शुरू होने से कई लोग दुकानों व मकानों के छज्जों व बॉलकनी के नीचे खड़े नजर आए। वे बारिश थमने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। ठेलों पर सब्जी व फल आदि बेचने वालों ने ठेलों को तिरपाल से ढका।
जवाई 24.45 फीट
सिंचाई विभाग के अनुसार जवाई बांध में सेई से पानी आने के कारण शाम पांच बजे गेज 24.05 से बढ़कर 24.45 फीट हो गया। सेई का जल स्तर घटकर 6.07 मीटर नापा गया। खारड़ा बांध का जल स्तर 0.15 फीट बढ़कर 3.25 और सरदारसमंद का 0.5 फीट बढ़कर 7.80 फीट हो गया। इसके अलावा अन्य बांधों के गेज में परिवर्तन नहीं हुआ।