सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 03 Jul 2010, 09:19:28
पाली । पुलिस उपअधीक्षक (शहर) सरिता शत्रुघ्न के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस ने शहर में चल रहे साइबर कैफे पर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने दो साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार कर तीन कम्प्यूटर व अन्य सामग्री बरामद की। उन पर इंटरनेट द्वारा अश्लील वीडियो साइट दिखाने का आरोप है।
पुलिस उपअधीक्षक (शहर) ने बताया कि शहर में चल रहे साइबर कै फे पर अश्लील साइट दिखाने व बिना लाइसेंस कैफे चलने की शिकायतों पर जांच की गई। सुबह नहर पुलिया के निकट स्थित एक साइबर कैफे पर पुलिस ने छापा मारा। वहां से दो कम्प्यूटर, दो सीपीयू व अन्य सामग्री बरामद की। कैफे संचालक सोजत निवासी मुकेशकुमार माली को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
इसके बाद पुलिस ने भैरूघाट स्थित एक अन्य साइबर कैफे पर छापा मारा। यहां से पुलिस ने एक कम्प्यूटर व सीपीयू जब्त किया। कैफे संचालक भैरूघाट निवासी अमितकुमार शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास कैफे संचालन का लाइसेंस है या नहीं इसका पता किया जा रहा है।
दो अन्य जगह भी छापा
पुलिस ने शहर के चूड़ीगर बाजार व एक अन्य जगह स्थित साइबर कैफे पर भी छापा मारा और तलाशी ली। वहां नियमानुसार संचालन होना सामने आया। पुलिस की कार्रवाई से कैफे संचालकों में हड़कंप मच गया।
साभार - पत्रिका