सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 19 Jun 2010, 15:17:42
बिलाडा़ ,ग्रामीण इलाकों में फ्लोराइडयुक्त पानी पीने से पशु समय से पहले बूढ़े हो रहे हैं। कई पशु तो हड्डियों का ढांचा बनकर रह गए हैं। फ्लोराइडयुक्त पानी पीने से पशुओं को कई बीमारियों ने घेर लिया है। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई सर्वे तो नहीं हुआ है, पर पशु विशेषज्ञों की मानें तो यह सब फ्लोराइडयुक्त पानी पीने का असर है।
पशु विशेषज्ञ बताते हैं कि फ्लोराइडयुक्त पानी पीने से पशुओं के दांत कमजोर हो रहे हैं और वे सही ढंग से चारा भी नहीं खा पा रहे हैं। यह पानी उनकी औसत उम्र भी कम कर रहा है। समय पर उपचार न होना और निरंतर ऐसा पानी पीने से पशुओं की सेहत पर विपरीत असर पड़ रहा है।
हड्डियों में नहीं बन रहा कैल्शियम
पशु विशेषज्ञों का कहना है कि फ्लोराइडयुक्त पानी पीने से पशुओं में हड्डियों का रोग बढ़ता जा रहा है। हड्डियों में कैल्शियम बनना भी बंद हो रहा है। गाय व बकरी का तो दूध भी सूखता जा रहा है। इससे प्रजनन क्षमता पर भी असर पड़ रहा है।
हां, पशुओं पर पड़ता है असर
फ्लोराइडयुक्त पानी मनुष्य के लिए ही नहीं, पशुओं के लिए भी हानिकारक है। बिलाड़ा के कुछ गांवों में मवेशी फ्लोराइडयुक्त पानी पी रहे हैं। कोई सर्वे नहीं किया गया है, लेकिन यह सच है कि इस पानी से पशुओं के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है।
डॉ. पंकज त्रिपाठी, वेटेनरी, बिलाडा़
साभार - दैनिक भास्कर