सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : Posted By Mangal Senacha on 26 Apr 2010, 11:27:04

पाली,पश्चिमी विक्षोभ का असर जाते ही प्रदेश में गर्मी ने झुलसाना शुरू कर दिया है। धूल भरी आंधी के साथ मारवाड़ पूरी तरह से लू की चपेट में हैं। इस सीजन में पहली बार सोमवार को पूरे प्रदेश के सभी इलाकों का तापमान 40 डिग्री पार कर गया। मारवाड़ में सोमवार को पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। फलौदी में सर्वाधिक 43.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मारवाड़ व शेखावाटी के धोरा धरती वाले इलाकों में पारा 43 डिग्री को छू गया। मारवाड़ में छह दिन में पारे ने छह डिग्री की छलांग लगाई। थार के रेगिस्तानी जिले बाड़मेर और फलौदी में पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। जोधपुर, जैसलमेर, पाली में भी पारा 42 व 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया।
हिल स्टेशन माउंट आबू में भी अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पाली का तापमान 24 घंटे में 1 डिग्री बढ़कर 42.6 डिग्री हो गया। कोटा में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू, सीकर में अधिकतम तापमान 42.7 रहा, जिससे रेगिस्तानी धोरे दिन में आग उगलने लग गए।
नरेगा मजदूर की मौत: जोधपुर जिले के डांगियावास थानांतर्गत सालवा कलां गांव की नींबली नाड़ी पर खुदाई कर रहे नरेगा श्रमिक नारायणराम पुत्र कंवरा राम जाट की मौत हो गई। उसकी मौत का कारण गर्मी बताया जाता है। नरेगा श्रमिक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां मौत हो गई।
साभार - दैनिक भास्कर