सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 26 Apr 2010, 11:26:30
पाली। मारवाड़-गोडवाड़ में अफीम की मनुहार का रिवाज पुलिस की नींद उड़ा रहा है। खासकर शादी-ब्याह के मौकों पर हो रही सप्लाई को रोकने के लिए पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आगामी दिनों में आखातीज के अबूझ सावों पर अफीम की मांग को देखते हुए अफीम तस्कर सक्रिय हो गए हंै, वहीं पुलिस ने अपने मुखबिरों का जाल भी बिछा दिया है।
अफीम की मनुहार मारवाड़-गोडवाड़ में आम है। सरकार की रोक के बावजूद अफीम की भारी मात्रा में तस्करी हो रही है। चित्तौड़गढ़ क्षेत्र से जोधपुर सप्लाई होने वाली अफीम भी पाली होकर ले जाई जाती है। रास्ते में ये तस्कर होटलों व ढाबों पर सप्लाई करते जाते हैं। इस तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। जिसमें मुखबिरों के माध्यम से अफीम तस्करों पर शिकंजा कसा जाएगा।
स्पेशल टीम पर जिम्मा
अफीम तस्करों को दबोचने का काम पुलिस अधीक्षक की स्पेशल टीम को सौंपा गया है। यूं तो हर थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन स्पेशल टीम सभी थाना क्षेत्रों में इसका विशेष ध्यान रखेगी।
पन्द्रह दिन, ग्यारह किलो अफीम
जिला पुलिस ने पिछले पन्द्रह दिन में अफीम तस्करी के चार मामलों में ग्यारह किलोग्राम से अधिक अफीम का दूध पकड़ा है। सुमेरपुर से लगाकर सेंदड़ा तक अफीम तस्कर पकड़े गए। इन अफीम तस्करों से पूछताछ कर सरगना तक पहंुचने का प्रयास किया जा रहा है।
इनका कहना है
अफीम की तस्करी को देखते हुए पुलिस को सतर्क किया गया है। सफलताएं मिली हैं। स्पेशल टीम सहित सभी थाना प्रभारियों को नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अजयपाल लाम्बा, पुलिस अधीक्षक
साभार - राजस्थान पत्रिका