सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Mangal Senacha
रायपुर मारवाड। कुशालपुरा में टैंकरों से जलापूर्ति के मामले में अनियमितता को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पडा। ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक में मंगलवार से बाजार को अनिश्चितकालीन बंद करने का निर्णय किया। इस मामले को लेकर प्रशासनिक व जलदाय विभाग के अधिकारियों द्वारा तीन दिन के भीतर किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को बैठक बुलाई।
समाजसेवी किशन पालीवाल तथा राजेश वैष्णाव ने कस्बे में भौंपू प्रचार कर बैठक की सूचना दी। शाम चार बजे सैकडों ग्रामीण वडेर के पास एकत्रित हुए। वहां आयोजित बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष तुलसाराम सीरवी, किशन सोनी, श्रीकिशन श्रीमाली, जवरीलाल चौकीदार, लालाराम रेगर, रतनदास वैष्णव, सुरेश बोराणा, सुनील, नाथुराम सीरवी आदि ने मामले के प्रति कोई कार्रवाई नहीं होने पर रोष जताया।
मंत्री से करेंगे कार्रवाई की मांग
कुशालपुरा के ग्रामीण मंगलवार सवेरे बाजार बंद कर प्रदर्शन करते हुए झूंठा पहुंचेंगे। वहां पौधरोपण कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे पंचायतराज राज्य मंत्री अमीन खां व जिला कलक्टर पृथ्वीराज से कार्रवाई की मांग करेंगे।