सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : 08 Sep 2026, दुर्गाराम पंवार चेतबंदे पत्रिका वरिष्ठ सहायक संपादक बेंगलुरू

सेवा निवृत डॉक्टर गोपाल जी चोयल मध्यप्रदेश की विशेष कवरेज

*36 वर्ष की अनवरत चिकित्सा सेवा को नमन - डॉ. जी.एस. चोयल का सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह गरिमामय रूप से संपन्न*

*पेटलावद, जिला धार (म.प्र.)।* सिविल अस्पताल पेटलावद के प्रभारी एवं वरिष्ठ शल्य विशेषज्ञ *डॉ. जी.एस. चोयल* की 36 वर्षों की गौरवपूर्ण, समर्पित एवं उत्कृष्ट शासकीय सेवा के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह रविवार, 06 सितंबर को प्रेमसागर गार्डन,थांदला रोड, पेटलावद में गरिमामय, हर्षोल्लास एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।

समारोह में चिकित्सा जगत से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उपस्थित होकर डॉ. साहब के दीर्घ सेवाकाल को नमन किया और पुष्पमालाओं, शॉल-श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र से सम्मानित किया।

*36 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा यात्रा -*
डॉ.गोपाल जी चोयल ने *8 मार्च 1991* को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पेटलावद में चिकित्सा अधिकारी के रूप में शासकीय सेवा प्रारंभ की। अपनी कार्यकुशलता एवं सेवाभाव के कारण *2009 में एल टी टी सर्जन* के रूप में, *2015 में प्रथम श्रेणी शल्य विशेषज्ञ* के पद पर पदोन्नत हुए। *2019 से 31 अगस्त 2026 तक* उन्होंने प्रभारी,सिविल अस्पताल, पेटलावद के रूप में अस्पताल के विकास और मरीजों की सेवा में अहम योगदान दिया। *31 अगस्त 2026* को वे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए।
वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. जी.एस. चोयल केवल एक कुशल सर्जन ही नहीं,बल्कि गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए मसीहा के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने 36 वर्षों तक निस्वार्थ भाव,निष्ठा और मानवता को सर्वोपरि रखते हुए हजारों जटिल ऑपरेशन कर लोगों को नया जीवन दिया।
समारोह के दौरान डॉ गोपाल जी चोयल परिवार एवं चोयल हॉस्पिटल परिवार ने पधारे हुए सभी अतिथियों,शुभचिंतकों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन स्नेह प्रीतिभोज के साथ हुआ।
डॉक्टर गोपाल जी चोयल साहब को चेत बंदे पत्रिका परिवार बेंगलूर की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।।आपकी सेवा को सेल्यूट, वंदन अभिनंदन स्वागत नमन करते हैं हम सभी समाजी बंधू।
वरिष्ठ सहायक संपादक दुर्गाराम पंवार चेतबंदे पत्रिका बेंगलूर