सीरवी समाज - मुख्य समाचार

Posted By : कैलाश मुकाती, पत्रकार मनावर

राजगढ़- सीरवी समाज के सामूहिक विवाह समारोह के अवसर पर राजस्थानी लोक कला से सुसज्जित कार्यक्रम "केशरिया बालम" आयोजित किया गया। लगभग 2.30 घंटे तक चले कार्यक्रम में लोक नृत्य ग्रुप के कलाकारों ने लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। ग्रुप द्वारा प्रस्तुत ‘डाक बाबू आया संदेशवा लाया‘ एवं संजा गीत ‘गाड़ी लुढ़कती जाए‘ को खूब सराहना मिली। नगर के हजारों दर्शकों ने रात्रि 11 बजे तक लोक नृत्यों का आनंद लिया। आईजी विद्यापीठ पर आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम सीरवी समाज के वरिष्ठजनों ने आई माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के मध्य में सीरवी समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। केसरिया बालम ग्रपु ने विभिन्न राजस्थानी गीतों पर उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। ग्रुप की महिला कलाकारों ने लय एवं ताल का अद्भुत सामंजस्य स्थापित कर दर्शकों के सम्मुख शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। ग्रुप के निदेशक मोहनलाल चौधरी ने पैरों में घुंघरू बॉंधकर सिर पर 10 मटकी रखकर नृत्य किया। साथ ही अन्य कलाकारों ने राजस्थान का प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य, भवई नृत्य, होली नृत्य एवं डाक बाबू की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर राजस्थानी लोक संस्कृति एवं वहॉं की बोली, रहन-सहन आदि से दर्शकों को अवगत कराया। संजा पर्व के गीतों पर महिला कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। श्री चौधरी ने बताया कि वे अनेक वर्षों से भारतीय संस्कृति की पहचान को कायम रखने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहें हैं। सीरवी समाज ट्रस्ट पदाधिकारियों नेमाजी बर्फा, डॉ. सतपुड़ा, नंदाजी मुलेवा, कैलाश मुकाती, डॉ. आर.एस. चौहान एवं सीरवी महासभा के महासचिव ने श्री चौधरी का बहुमान किया। डॉ. दिनेश सतपुड़ा ने श्री चौधरी एवं उनकी टीम के कलाकारों का अच्छी प्रस्तुति के लिए आभार माना। इस अवसर पर दर्शकों की अच्छी भीड़ थी। नगर में श्री क्षत्रिय सीरवी समाज द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन नगर में लगातार चैथे वर्ष आयोजित किया गया। इसमें 23 जोड़ों के विवाह समारोह में विशेष रूप से समाज के धर्मगुरू रावतसिंहजी परमार (पिरोसा बिठोड़ा) उपस्थित थे। उन्होने आयोजनों की सराहना करते हुए सभी नवयुगलों को आर्शीवाद प्रदान किया। समारोह के मुख्य अतिथि रामलाल सैणचा ने आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने अयोजन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर बतौर अतिथि उपस्थित जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बालमुकुंदसिंह गौतम ने कहा कि किसी भी समाज में इस प्रकार के आयोजनों से समाजजनों को संबल मिलता है। सरदारपुर क्षेत्र विधायक प्रताप ग्रेवाल ने भी आयोजन की सराहना की। सम्मेलन में चेनाजी परमार मुंबई सहित श्री क्षत्रिय सीरवी समाज के अनेक वरिष्ठजन उपस्थित थे। इसके पूर्व प्रातः में आईजी विद्यापीठ से भव्य गंगाजल यात्रा निकाली गई। इसमें आईजी माता की तस्वीर सुसज्जित बैलगाड़ी में रखी गई थी। साथ ही इसमें धर्मगुरू लोगों को आर्शीवाद प्रदान कर रहे थे। धर्मयात्रा में युवा वर्ग के व्यक्ति नाचते गाते हुए चल रहे थे, वहीं युवतियॉं सिर पर गंगाजल कलश धारण किए हुए चल रही थी। यात्रा पुनः समारोह स्थल पहुंची।
(uploaded by Mangal Senacha,Bangalore, on 14Feb2010 at 8.47AM )