सीरवी समाज - मुख्य समाचार

गुलाल उड़ा, भक्तिरस में झूमे शहरवासी; किया सम्मान,सिर्वी समाज व मंदिर समिति ने निकाली शोभायात्रा
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 18 Sep 2012, 09:43:48
भास्कर संवाददाता, बड़वानी सोमवार को शहर में भक्ति की गंगा बही। धार्मिक कार्यक्रमों से शहर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। शहर की सड़कों पर जमकर रंग-गुलाल उड़ा और संगीत की स्वरलहरियों के बीच भक्ति रस में शहरवासी झूम उठे। क्षत्रिय सिर्वी समाज ने भादवी बीज पर मां श्रीआईजी माता का जन्मोत्सव आस्था व हर्षोल्लास से मनाया। धोबडिय़ा हिल्स स्थित श्रीसिद्धिविनायक मंदिर में सोमवार से तीन दिनी प्राण प्रतिष्ठा की शुरुआत हुई। उधर, बाबा रामदेव महाराज के जन्मोत्सव एवं समाधि पर्व के नौ दिनी उत्सव की भी धूमधाम से शुरुआत हुई। सोमवार सुबह 9.30 बजे मां कालिका मंदिर से श्रीसिद्धिविनायक मंदिर समिति के तत्वावधान में आकर्षक शोभायात्रा निकली। मंदिर समिति के सचिन शर्मा एवं आनंद हल्दीवाल ने बताया यात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद प्रतिमाओं का जलाधिवास व अन्नाधिवास हुआ। पं. रामकृष्ण शुक्ला के मार्गदर्शन में छह अन्य विप्रजन धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण करा रहे हैं। प्रतिभाओं का किया सम्मान- क्षत्रिय सिर्वी समाज ने भादवी बीज पर सोमवार को मां श्रीआईजी माता का जन्मोत्सव मनाया। समाजजन ने सुबह 11 बजे योगमाया मंदिर से शोभायात्रा निकाली। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर दोपहर 2.30 बजे पुन: मंदिर परिसर पहुंची। आदिम जाति सहकारी संस्था, सिख समाज, यादव सकल पंच ने यात्रा का स्वागत किया। अध्यक्ष बद्रीलाल कोटवाल व जगदीश मुकाती ने बताया दोपहर करीब 3.30 बजे से मंदिर परिसर में सम्मान समारोह हुआ। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष कोकिला पटेल, पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एस.एन. यादव, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अशोक काग आदि उपस्थित थे। सम्मान समारोह के बाद मां श्रीआईजी माता की महाआरती हुई।