सीरवी समाज - मुख्य समाचार
Posted By : Posted By Mangal Senacha on 31 Mar 2012, 04:05:25
नींद में सो रहे दंपती पर तीन बदमाशों ने किया हमला, सोने की कंठी व बोर लूटा
मारवाड़ जंक्शन (पाली) मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र के बिठुड़ा कलां गांव के निकट एक कृषि फार्म पर सो रहे वृद्ध दंपति को चाकू दिखा कर बुधवार की रात को तीन बदमाश सोने के जेवरात लूट कर ले गए। घटना के समय वृद्ध नींद से जाग गया, लेकिन आरोपियों ने उसे मारपीट कर एक तरफ पटक दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना देर रात की है, जिसकी सूचना पुलिस को गुरुवार सुबह मिली। पुलिस ने मौका मुआयना कर पीडि़त दंपती से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार बिठुड़ा कलां गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित बेरा ढीमड़ा निवासी खींवाराम सीरवी (70) व उसकी पत्नी सुखिया देवी अकेले ही रहते है। इस वृद्ध दंपति के पुत्र व्यापार के सिलसिले में परदेश में रहते है। बुधवार की रात को दंपती कृषि फार्म पर सो रहे थे। देर रात को अचानक तीन बदमाश वहां पहुंचे और नींद में सो रही महिला के गले से कंठी लूट ली। शोर शराबा सुनकर नींद से जागे वृद्ध ने आरोपियों का सामना किया तो मारपीट कर बदमाशों ने उसे एक जगह पटक दिए। बाद में चाकू दिखा कर बदमाशों ने वृद्धा के सिर से सोने का बोर भी लूट लिया।
साभार - दैनिक भास्कर